1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तर भारत के कई हिस्से सर्दी की चपेट में, हिमाचल में भारी बारिश के साथ ही हिमपात का पूर्वानुमान

उत्तर भारत के कई हिस्से सर्दी की चपेट में, हिमाचल में भारी बारिश के साथ ही हिमपात का पूर्वानुमान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 26, 2020 11:43 pm IST,  Updated : Jan 26, 2020 11:43 pm IST

उत्तर भारत के हिस्सों में रविवार को भी सर्दी का कहर जारी रहा वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ ही हिमपात हो सकता है।

Parts of north India in grip of cold conditions; heavy...- India TV Hindi
Parts of north India in grip of cold conditions; heavy rain, snowfall forecast for HP

नयी दिल्ली: उत्तर भारत के हिस्सों में रविवार को भी सर्दी का कहर जारी रहा वहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ ही हिमपात हो सकता है। कश्मीर में तापमान बढ़ने से लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में सापेक्ष आर्द्रता 100 से 59 प्रतिशत के बीच रही। हिमाचल प्रदेश में ठंड की स्थिति जस की तस बनी हुई है वहीं मौसम विभाग ने मंगलवार को भारी बारिश और हिमपात होने की चेतावनी के साथ राज्य में यलो अलर्ट(गंभीर मौसम) जारी कर दिया है। 

लाहौल-स्पीति के प्रशासनिक केंद्र केलांग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया और यह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। उना में अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने राज्य के मध्य और उच्च पहाड़ी वाले इलाकों में 27 से 29 जनवरी और 31 जनवरी को भारी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। कश्मीर घाटी के निवासियों को तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी के कारण शीत लहर की स्थिति से राहत मिली। जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। 

पंजाब और हरियाणा में कई स्थानों पर घना कोहरा छाया रहा। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आदमपुर 2.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा। अमृतसर और लुधियाना में न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा रहा और 4.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ बहराइच राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों में गरज के साथ छींटे पड़ने और बारिश की संभावना जतायी है। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राजस्थान में सीकर न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। श्रीगंगानगर में यह 6.5 डिग्री और चुरू में 6.8 डिग्री दर्ज किया गया। विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान जयपुर एवं बीकानेर संभाग में हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है। राजस्थान और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में चक्रवात से सौराष्ट्र क्षेत्र और वडोदरा जिले में हल्की बारिश हो सकती है, जिससे अधिकतम तापमान में दो-तीन डिग्री की बढ़ोत्तरी हो सकती है। गुजरात में कच्छ जिले के नलिया में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गांधीनगर में 11 डिग्री, केशोद में 11.6 डिग्री सेल्सियस, डीसा में 11.4 डिग्री और अहमदाबाद में 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत