1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पीएम मोदी आज कच्छ दौरे पर, कई परियोजनाओं का होगा शिलान्यास, किसानों से करेंगे मुलाकात

पीएम मोदी आज कच्छ दौरे पर, कई परियोजनाओं का होगा शिलान्यास, किसानों से करेंगे मुलाकात

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 14, 2020 10:09 pm IST,  Updated : Dec 15, 2020 09:41 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात में कच्छ के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह कुछ परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और जिले में धोरदो के किसानों और कलाकारों के साथ संवाद करेंगे।

पीएम मोदी आज कच्छ दौरे...- India TV Hindi
पीएम मोदी आज कच्छ दौरे पर, कई परियोजनाओं का होगा शिलान्यास, किसानों से करेंगे मुलाकात Image Source : INDIA TV

अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात में कच्छ के एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह कुछ परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और जिले में धोरदो के किसानों और कलाकारों के साथ संवाद करेंगे। एक सरकारी विज्ञप्ति में सोमवार को बताया गया कि मोदी, मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की उपस्थिति में खावडा में विश्व के सबसे बड़े मिश्रित नवीन ऊर्जा पार्क , और अरब सागर तट के पास मांडवी में खारे पानी को इस्तेमाल योग्य बनाने वाले एक संयंत्र का डिजिटल तरीके से शिलान्यास करेंगे। 

विज्ञप्ति में कहा गया कि 30,000 मेगावाट का मिश्रित नवीन ऊर्जा पार्क में सौर पैनल और पवनचक्की की मदद से ऊर्जा पैदा की जाएगी। वह कच्छ और सौराष्ट्र क्षेत्र में खारे पानी को इस्तेमाल योग्य बनाने वाले चार और संयंत्रों का शिलान्यास करेंगे। वह कच्छ जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ, सरहद डेयरी द्वारा स्थापित किए जाने वाले एक संयंत्र का भी शिलान्यास करेंगे। इस संयंत्र में दो लाख लीटर दूध को प्रशीतित करने की क्षमता होगी। विज्ञप्ति में कहा गया कि वह केंद्र की राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत डेयरी संयंत्र का भी शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के शाम में नयी दिल्ली लौट जाने का कार्यक्रम है।

प्रधानमंत्री कच्छ में धोरडो के किसानों और कलाकारों के साथ संवाद करेंगे। मुख्य कार्यक्रम से पहले वह कच्छ के किसानों के साथ चर्चा करेंगे। राज्य के सूचना विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, भारत-पाक सीमा के पास बसे सिख किसानों को प्रधानमंत्री से संवाद के लिए आंमत्रित किया गया है। कच्छ जिले की लखपत तालुका में और इसके आसपास मिलाकर करीब 5,000 सिख परिवार रहते हैं। उल्लेखनीय है कि नए कृषि कानूनों के विरोध में हजारों किसान पिछले दो सप्ताह से भी अधिक समय से दिल्ली की सीमाओं पर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत