1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चोरों को बख्शने के लिए तैयार नहीं ये चौकिदार, धर्मशाला में बोले PM मोदी

चोरों को बख्शने के लिए तैयार नहीं ये चौकिदार, धर्मशाला में बोले PM मोदी

 Written By: India TV News Desk
 Published : Dec 27, 2018 01:26 pm IST,  Updated : Dec 27, 2018 04:14 pm IST

हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को एक साल पूरा होने के मौके पर हो रहे कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्मशाला पहुंचे थे।

PM Modi in Dharamshala- India TV Hindi
PM Modi in Dharamshala

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को एक साल पूरा होने के मौके पर हो रहे कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धर्मशाला पहुंचे थे। यहां प्रधानमंत्री ने जन आभार रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनकी सरकार की जमकर तारीफ की। इसके साथ ही प्रधानंत्री ने टूरिज्म से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर तक, तमाम मुद्दों पर अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। वहीं, मोदी ने कांग्रेस पर भी हमला बोला और किसानों के कर्ज पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह देश के चौकिदार हैं और यह चौकिदार चोरों को बख्शने के लिए तैयार नहीं है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि हिमाचल प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में 26,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। हिमाचल प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर ‘जन आभार’ रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश उनके घर की तरह है और उन्होंने राज्य की यात्रा के दौरान काफी कुछ सीखा था।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों के साथ उन्होंने काम किया, उन्हें अग्रणी नेता बनते हुए देखकर उन्हें बहुत खुशी होती है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को वीर जवानों की भूमि बताया जो सीमा पर सर्वोच्च बलिदान देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।

मुख्यमंत्री के तौर पर एक साल पूरा करने पर ठाकुर को बधाई देते हुए मोदी ने कहा, ‘‘हिमाचल प्रदेश मेरे घर की तरह है। मैंने पार्टी के संगठनात्मक कार्य के लिए कई वर्षों तक यहां काम किया।’’ प्रधानमंत्री भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर एक पुस्तिका का भी विमोचन करेंगे।

मोदी ने राज्य के फायदों और आम जनता के लिए केंद्र प्रायोजित योजनाओं को दिखाने के लिए राज्य सरकार द्वारा लगाई प्रदर्शनी भी देखी। प्रधानमंत्री के धर्मशाला में हेलीपैड पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, कांगड़ा से भाजपा सांसद शांता कुमार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल जगत प्रकाश नड्डा भी मौजूद थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत