1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सभी सांसद पूछें तीखे सवाल, जवाब देने की सरकार की पूरी तैयारी: PM मोदी

सभी सांसद पूछें तीखे सवाल, जवाब देने की सरकार की पूरी तैयारी: PM मोदी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 19, 2021 10:49 am IST,  Updated : Jul 19, 2021 10:49 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि मॉनसून सत्र से पहले विपक्ष तीर निकाले तो सरकार भी तैयार है। उन्होंने कहा, ये सत्र परिणामकारी हो सार्थक चर्चा के लिए समर्पित हो, देश की जनता जो जवाब चाहती है वो जवाब सरकार को देने की पूरी तैयारी है...

pm modi- India TV Hindi
सभी सांसद पूछें तीखे सवाल, जवाब देने की सरकार की पूरी तैयारी: PM मोदी Image Source : DD NEWS

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि मॉनसून सत्र से पहले विपक्ष तीर निकाले तो सरकार भी तैयार है। पीएम मोदी ने कहा, ये सत्र परिणामकारी हो सार्थक चर्चा के लिए समर्पित हो, देश की जनता जो जवाब चाहती है वो जवाब सरकार को देने की पूरी तैयारी है। उन्होंने कहा, मैं सभी माननीय सांसदों से और सभी राजनीतिक दलों से आग्रह करूंगा कि वो तीखे से तीखे और धारदार सवाल पूछें लेकिन शांत वातावरण में सरकार को जवाब का मौका भी दें, ताकि जनता जनार्दन के पास सत्य पहुंचाने से लोकतंत्र को भी ताकत मिलती है, जनता का भी विश्वास बढ़ता है और देश की प्रगति की गति भी तेज होती है। इस सत्र में भी अंदर की व्यवस्था पहले की तरह नहीं है।

बता दें कि आज संसद के मॉनसून सत्र का आगाज हो रहा है। आज प्रधानमंत्री संसद के दोनों सदनों में अपने नए मंत्रियों का परिचय कराएंगे। बता दें कि संसद के मौजूदा सत्र में हंगामे के भी पूरे आसार हैं क्योंकि पहले ही दिन विपक्षी सांसदों ने कई मुद्दों पर काम रोको प्रस्ताव के नोटिस दिए हैं।

पीएम ने कहा, मैं आशा करता हूं कि आप सबका वैक्सीन का कम से कम एक डोज लग गया होगा लेकिन उसके बावजूद भी मेरी सदन में भी सभी साथियों से प्रार्थना है कि सभी कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने में सहयोग दें, अब यह वैक्सीन जो है बाहों पर लगती है और जब वैक्सीन बाहों पर लगती है तो आप बाहुबली बने और कोरोना के खिलाफ लड़ने के लिए बाहुबली बनने का एक ही उपाय है कि आपके बाहू पर वैक्सीन लगवा लीजिए, अब तक 40 करोड़ से ज्यादा लोग कोरोना के खिलाफ बाहुबली बन चुके हैं, आगे भी तेज गति से इस काम को आगे बढ़ाया जा रहा है।

आगे उन्होंने कहा, यह महामारी ऐसी बीमारी है जिसने पूरे विश्व को अपनी चपेट में लिया हुआ है इसलिए हम चाहते हैं कि संसद में भी इस महामारी के संबंध में सार्थक चर्चा हो। प्राथमिकता देते हुए इसकी चर्चा हो और सारे सुझाव सभी माननीय सांसदों से मिलें ताकि महामारी के खिलाफ लड़ाई में बहुत नयापन भी आ सकता है। कुछ कमियां रह गई हों तो उसे भी ठीक किया जा सकता है और इस लड़ाई में सब साथ मिलकर आगे बढ़ सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत