नई दिल्ली/हल्दिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हल्दिया में जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर टूटने से हुई तबाही का जिक्र किया और कहा कि वह मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि वह राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है तथा सरकार लगातार लोगों की परेशानी को कम करने के प्रयास कर रही है।
'आपदा का सामना कर रहा है उत्तराखंड'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज हम मां गंगा के एक छोर पर हैं लेकिन जो मां गंगा का उद्गम स्थल है, वह राज्य उत्तराखंड इस समय आपदा का सामना कर रहा है। एक ग्लेशियर टूटने की वजह से वहां नदी का जल स्तर बढ़ गया। नुकसान की खबरें धीरे-धीरे आ रही हैं। मैं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, भारत सरकार के गृह मंत्री, एनडीआरएफ के अफसर, उन सब से निरंतर संपर्क में हूं।"
'राहत और बचाव कार्य चल रहा है'
पीएम मोदी ने कहा, "वहां पर राहत और बचाव कार्य चल रहा है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। मेडिकल सुविधाओं में कोई कमी न हो, इस पर जोर दिया जा रहा है। वहां दो-एक दिन पहले ही काफी बर्फबारी भी हुई थी। मौसम काफी ठंडा है। लोगों की परेशानी कम से कम करने के लिए सरकार पूरा प्रयास कर रही है।"
उत्तराखंड के लोगों के हौसले को सराहा
उन्होंने कहा, "उत्तराखंड में ऐसे परिवार मुश्किल से मिलते हैं, जिनका कोई न कोई सदस्य फौज में न हो। यानी वहां के लोगों का हौसला किसी भी आपदा को मात दे सकता है। उत्तराखंड के साहसी लोगों के लिए, मैं प्रार्थना कर रहा हूं, बंगाल प्रार्थना कर रहा है, देश प्रार्थना कर रहा है।"
अभी तक 10 शव मिले
गौरतलब है कि उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार को एक ग्लेशियर टूटने से भयंकर तबाही हुई है। इस संबंध में ITBP के डीजी ने कहा कि तपोवन NTPC प्लांट से करीब 10 शव बरामद किए गए हैं। वहीं, एसडीआरएफ की DIG रिद्धिमा अग्रवाल ने कहा कि अभी तक 150 लोगों के लापता होने की खबर आ रही है। पानी का बहाव अभी सामान्य है।
उत्तर प्रदेश के 27 जिलों में भी अलर्ट
उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने से हुई तबाही के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के बिजनौर, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, संभल, मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, अलीगढ़, कासगंज, बदायूं, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर, कन्नौज, हरदोई, उन्नाव, कानपुर नगर, रायबरेली, फतेहपुर, प्रतापगढ़, कौशांबी, प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया और चंदौली जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है।