नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मलेशिया में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। मलेशिया का भारतीय समुदाय नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत की तैयारी पहले ही कर चुका है। कयास जताए जा रहे हैं कि मोदी ने जिस तरह इंग्लैंड के वेम्बले में भारतीय को संबोधित किया था आज मलेशिया में भी कुछ ऐसा नजारा दिख सकता है।
मलेशिया के भारतीयों ने कर रखी है भव्य तैयारी-
जानकारी के मुताबिक भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी के लिए मलेशिया में मौजूद भारतीय समुदायों ने भव्य तैयारी कर रखी है। प्रवासी भारतीयों समेत करीब 90 सांस्कृतिक एवं सामुदायिक संगठनों ने रंगारंग कार्यक्रम की योजना बनाई है। मलेशिया में मोदी की आगवानी के लिए इंटरनेशनल एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (एमआईईसीसी) पूरी तरह से तैयार है। इस सेंटर में करीब 15,000 लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
क्या है कार्यक्रम-
05.00 बजे: मलेशिया इंटरनेशनल कल्चरल सेंटर में लोगों से मुलाकात। (भारत के हिसाब से दोपहर 02.30 बजे)
06.00 बजे:एमआईईसीसी में भारतीयों को संबोधन (दोपहर 03.30 बजे)
आज ईस्ट एशिया समिट में शामिल हुए मोदी-
मलेशिया दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह क्वालालंपुर में 10वें ईस्ट एशिया समिट में शिरकत की। इस मौके पर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा भी मौजूद रहे। इससे पहले आसियान देशों के सभी नेताओं ने एक मंच पर आकर हाथ मिलाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आसियान देशों के नेताओं और चीन तथा जापान के अपने समकक्षों से बातचीत के दौरान आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने दक्षिण चीन सागर में क्षेत्रीय तथा समुद्री विवादों को जल्द हल करने पर भी जोर दिया।