महू: देश के संविधान निर्माता डॉ बी आर अम्बेडकर की जन्मस्थली महू में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशव्यापी ग्राम उदय से भारत उदय अभियान की शुरूआत की। इससे पहले उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली पर पहुंचकर उन्हें श्रद्घांजलि दी।
पीएम मोदी मुंबई से वायु सेना के विशेष विमान से इंदौर पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अन्य अधिकारियों के साथ इंदौर हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। उसके बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से महू पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने अंबेडकर स्मारक स्थल पर पहुंचकर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर उन्हें याद किया। उसके बाद वे उस कमरे में भी गए, जहां एक पालना रखा हुआ है। परंपरा के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने इस पालने को हिलाया। इसके अलावा उन्होंने डॉ. अंबेडकर के जीवन पर आधारित चित्रों को भी देखा।