1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गर्मी से इतना हुआ परेशान कि सूर्य देव के खिलाफ ही पुलिस में कर दी शिकायत

गर्मी से इतना हुआ परेशान कि सूर्य देव के खिलाफ ही पुलिस में कर दी शिकायत

 Written By: IANS
 Published : May 26, 2016 01:24 pm IST,  Updated : May 26, 2016 01:25 pm IST

मध्य प्रदेश के शाजापुर के शिवपाल सिंह ने तो गर्मी के लिए जिम्मेदार सूर्यदेव के खिलाफ ही पुलिस से कार्रवाई की मांग कर डाली है।

summer- India TV Hindi
summer

शाजापुर: इस समय देश गर्मी से झुलस रहा है, हर कोई बारिश होने पर गर्मी से निजात की उम्मीद लगाए बैठा है, मगर मध्य प्रदेश के शाजापुर के शिवपाल सिंह ने तो गर्मी के लिए जिम्मेदार सूर्यदेव के खिलाफ ही पुलिस से कार्रवाई की मांग कर डाली है।

पुलिस के नाम सोशल मीडिया में भेजे गए आवेदन में शिवपाल ने कहा कि सूर्य देव अपनी गर्मी से उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दे रहे हैं, लिहाजा भारतीय संविधान के मुताबिक सूर्यदेव के खिलाफ कानूनी धाराओं के तहत पुलिस कार्रवाई करे।

कोतवाली के थाना प्रभारी राजेश वर्मा ने बुधवार को बताया कि अभी तक उनके पास ऐसा कोई लिखित आवेदन नहीं आया है, मगर फेसबुक और वॉट्सऐप पर शिवपाल नामक व्यक्ति ने शिकायती आवेदन वायरल किया है, यह शिवपाल कौन है, इसका भी पता नहीं चला है। उनके थाना क्षेत्र में तीन शिवपाल हैं, मगर कोई भी यह स्वीकार करने को तैयार नहीं है कि उसने यह आवेदन सोशल मीडिया पर वायरल किया है।

वर्मा से जब पूछा गया कि इस तरह का लिखित आवेदन आने पर किस तरह की कार्रवाई का प्रावधान है तो उनका कहना है कि यह बात प्राकृतिक घटनाओं से संबंधित है, लिहाजा इस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत