नई दिल्ली: राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के जन्मदिन के मौके पर कल कई कार्यक्रमों के आयोजन के साथ राष्ट्रपति की वेबसाइट पर विशेष रूप से बच्चों के लिए लाइफ इन राष्ट्रपति भवन नाम से एक नये भाग की शुरूआत की जाएगी। राष्ट्रपति मुखर्जी कल 80 वर्ष के हो जाएंगे।
आज जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रेसीडेंशियल रिट्रीट्स पर एक पुस्तक का विमोचन करेंगे और राष्ट्रपति के भाषणों के तीसरे खंड का विमोचन करेंगे। विज्ञप्ति के अनुसार मुखर्जी राष्ट्रपति संपदा के अंतर्गत राजेंद्र प्रसाद सर्वोदय विद्यालय में उमंग-2015 नाम के उत्सव का उद्घाटन करेंगे।
विज्ञप्ति में कहा गया कि इस मौके पर मुखर्जी इस स्कूल को सौर संचालित हरित विद्यालय घोषित करेंगे और उर्जा शिक्षा पर स्मार्टफोन के एप सजग की भी शुरूआत करेंगे। कल ही भारत के राष्ट्रपति की वेबसाइट पर बच्चों के एक नए भाग का उद्घाटन किया जाएगा।
7 से 15 साल के उम्र के बच्चों के लिए राष्ट्रपति की लोकप्रिय वेबसाइट पर नया हिस्सा शुरू किया गया है। इसमें बच्चों को राष्ट्रपति भवन और राष्ट्रपति के बारे में कई तथ्यों की जानकारी साधारण भाषा में और तस्वीरों तथा वीडियो के माध्यम से दी जाएगी। इसमें राष्ट्रपति भवन के निर्माण की कहानी, राष्ट्रपति की भूमिका, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के कार्यकाल की जानकारी, आजादी के बाद से अब तक के राष्ट्रपतियों से संबंधित सूचना, राष्ट्रपति भवन के रसोई घर की जानकारी, राष्ट्रपति के अंगरक्षकों, राष्ट्रपति भवन में जीवनशैली और राष्ट्रपति भवन के संग्रहालयों की जानकारी होगी।
राष्ट्रपति के चुनिंदा भाषणों के तृतीय खंड में उनके महत्वपूर्ण भाषण हैं, जिन्हें तीन हिस्सों में बांटा गया है। इनमें पुरस्कार समारोहों में दिये गये भाषण, महत्वपूर्ण दिवसों पर दिये गये भाषण और सम्मेलनों में दिए गए भाषण हैं।