नई दिल्ली: इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड ने 14 अगस्त/15 अगस्त मध्यरात्रि से पेट्रोल औऱ डीज़ल के बिक्री मूल्यों में कमी करने का फैसला किया है। आधी रात से दिल्ली में पेट्रोल 1.27 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीज़ल 1.17 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो जाएगा। इस महीने पेट्रोल व डीज़ल की कीमतों में दूसरी बार कमी की गई है।
दिल्ली में पेट्रोल की कीमतों में 1.27 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 63.20 रुपये प्रति लीटर हो जाएगी।
साथ ही, दिल्ली में डीज़ल की कीमतों में भी 1.17 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है, जिसके बाद दिल्ली में डीज़ल 44.95 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा।
देश के अन्य राज्यों में भी पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में वहां लागू स्टेट टैक्स के हिसाब से कमी आएगी।
इससे पहले पेट्रोल औऱ डीज़ल की कीमतों में 1 अगस्त को भी बदलाव किया गया था। अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में लगातार हो रही गिरावट का लाभ भारतीय उपभोक्ताओं को भी मिल रहा है।