1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. प्रिंस-केट मुंबई पहुंचे, 26/11 में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि

प्रिंस-केट मुंबई पहुंचे, 26/11 में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 10, 2016 02:39 pm IST,  Updated : Apr 10, 2016 02:39 pm IST

प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन मुंबई पहुंच गए हैं। पहली बार भारत पहुंचे प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन ने 26/11 हमले में अपनी जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी।

prince william and kate middleton- India TV Hindi
prince william and kate middleton

नई दिल्‍ली: भारत-भूटान की 7 दिवसीय यात्रा पर प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन मुंबई पहुंच गए हैं। पहली बार भारत पहुंचे प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन ने 26/11 हमले में अपनी जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी। दोपहर 12 बजे से पहले यह शाही दंपत्ति मुंबई पहुंचे जहां उन्होंने ताज पैलेस होटल पर स्थित 26/11 स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। यहां उन्होंने होटल के उस स्टाफ से भी बातचीत की जो नवंबर 2008 के उस हमले के वक्त मौजूद थे। बता दें कि यह होटल गेटवे ऑफ इंडिया के सामने 1911 में बना था जब किंग जॉर्ज 5 और क्वीन मैरी मुंबई आए थे।

प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन भारत और भूटान की सात दिवसीय यात्रा पर हैं। यह यात्रा दोनों देशों के बीच के मजबूत रिश्तों को और बेहतर बनाएगी। प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन यहां पर क्रिकेट, बॉलीवुड, राजनीति और परिवार का आनंद भी लेंगे।

इससे पहले ब्रिटिश उच्चायोग ने बताया था कि, 'भारत यात्रा के दौरान वे देश को जोड़ने वाले चार जुनून - क्रिकेट, बॉलीवुड, राजनीति एवं परिवार - का अनुभव हासिल करेंगे।' प्रिंस विलियम और केट मिडिलटन ताजमहल देखने भी जाएंगे। शाही दंपति की यात्रा का ब्योरा देते हुए उच्चायोग ने कहा था कि रविवार को वे ओवल मैदान जाकर मुंबई की तीन परमार्थ संस्थाओं - मैजिक बस, डोरस्टेप और इंडियाज चाइल्डलाइन - के लाभार्थियों एवं प्रतिनिधियों के बीच होने वाले क्रिकेट मैच का लुत्फ उठाएंगे।

रविवार शाम वे कारोबार और बॉलीवुड की कुछ जानी-मानी हस्तियों के साथ रात्रिभोज करेंगे और मुंबई के फिल्म एवं रचनात्मक उद्योग के बारे में जानेंगे। सोमवार को वे नई दिल्ली आएंगे, जहां वे भारत के सैन्य योगदानों को सम्मान व्यक्त करेंगे एवं महात्मा गांधी को याद करेंगे। शाही दंपति असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की भी सैर करेंगे, जहां वे ग्रामीण लोगों की जिंदगी में संरक्षण की भूमिका के बारे में जानेंगे। इसके बाद वे भूटान की यात्रा पर चले जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत