नई दिल्ली: सुरेश प्रभु, सदानंद गौड़ा, अशोक गजपति राजू और रविशंकर प्रसाद उन कुछ मंत्रियों में शामिल हैं जिन्होंने बांड और स्टॉक जैसे वित्तीय निवेश किया है जबकि केंद्रीय कैबिनेट के अधिकतर सदस्यों ने रियल इस्टेट में निवेश को प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा केंद्रीय मंत्रियों की संपत्ति और देनदारी के जारी ब्यौरे के मुताबिक सुषमा स्वराज और वेंकैया नायडू जैसे कुछ नेताओं के नाम पर कोई वाहन नहीं है जबकि कई अन्य के पास लग्जरी गाड़ियों सहित कई गाड़ियां हैं। साथ ही अधिकतर मंत्रियों के पास आभूषण है जबकि उनकी कुल संपत्ति में घर और फ्लैट ज्यादा है।
अधिकतर मंत्रियों ने हाथ में नकदी की जो घोषणा की है उसमें कुछ हजार रुपए ही हैं जबकि सुषमा स्वराज, अशोक गजपति राजू और रामविलास पासवान सहित कई मंत्रियों ने सावधि जमा में अपना धन लगाया है। संपत्तियों की घोषणा पिछले वित्त वर्ष 2014-15 के लिए की गई है और ब्यौरे को 30 जनवरी 2016 को पीएमओ की वेबसाइट पर अपडेट किया गया। राजनाथ सिंह, अरूण जेटली, नितिन गडकरी, मनोहर पर्रिकर, मेनका गांधी और हर्षवर्धन सहित कुछ मंत्रियों ने अभी तक ब्यौरे का खुलासा नहीं किया है। केंद्रीय स्वतंत्र राज्यमंत्री महेश शर्मा ने 19.19 करोड़ रुपए के पांच घर का खुलासा किया है जिसमें एक पैतृक आवास है।
उन्होंने कंपनी के शेयरों में भी निवेश किया है और उनके पास दो कार टोयोटा लैंड क्रूजर और मित्सुबिशी लांसर है। जितेन्द्र सिंह की संपत्ति में जम्मू में 1.97 करोड़ रुपए का एक घर और 33 लाख रुपए की कृषि भूमि है। कैबिनेट मंत्रियों में स्मृति ईरानी के पास मुंबई में 90 लाख रुपए का आवासीय फ्लैट और गोवा में 87. 50 लाख रुपए का आवासीय अपार्टमेंट है। उनकी चल संपति में दो कार, आभूषण, बैंक जमा, एफडी, एनएससी और गैर सूचीबद्ध कंपनियों के शेयर शामिल हैं।
राधा मोहन सिंह ने बिहार और नोएडा में 62 लाख रूपए की संपत्ति का खुलासा किया है और बिहार में उनकी कृषि और गैर कृषि भूमि भी है। सिंह के पास कोई वाहन नहीं है और उन्होंने अपना धन एफडी में लगाया है। उनकी अन्य चल संपति में सोना, दो मोबाइल, एक घड़ी, एक रिवॉल्वर और एक राइफल शामिल है। थावरचंद गहलोत के पास 39 लाख रूपए के दो घर, एक पेट्रोल पम्प (वर्तमान बाजार मूल्य 1.6 करोड़ रुपए), दो मोटरसाइकिल, एक टैंकर लॉरी, दो कार (मारूति स्विफ्ट और टाटा सफारी) और एक स्कूटी है। उनकी अन्य संपत्ति में सोने का आभूषण, मोबाइल, आईपैड और बैंक जमा है। उनके पास भी एक रिवॉल्वर और एक बंदूक है।