Highlights
- WhatsApp ने कई यूजर्स के अकाउंट एक्सेस को ब्लॉक कर दिया है।
- भारत के कई यूजर्स भी मेटा के इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप को इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।
- मेटा ने इसे एक रेगुलर एक्शन बताया है और कहा कि ऐसे अकाउंट्स को कंपनी लगातार रिव्यू करती है।
Meta के इंस्टैंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म WhatsApp ने कई भारतीय यूजर्स के अकाउंट ब्लॉक कर दिए हैं। यूजर्स का दावा है कि कंपनी ने बिना किसी चेतावनी के उनके अकाउंट के एक्सेस को रिस्ट्रिक्ट कर दिया है। कई यूजर्स ने इसे लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट किया है। साथ ही, इससे जुड़े स्क्रीनशॉट भी शेयर किए हैं, जिनमें लिखा है कि उनका अकाउंट अभी रिव्यू किया जा रहा है। यूजर्स के वॉट्सऐप अकाउंट का एक्सेस 24 घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया है।
मेटा ने बताई वजह
हालांकि, मेटा ने इस एक रेगुलर प्रक्रिया बताते हुए कहा है कि कंपनी हमेशा उन लोगों के खिलाफ एक्शन लेती है, जो उनकी सर्विस का गलत इस्तेमाल करते हैं। इस तरह के एक्शन प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य यूजर्स को सुरक्षित रखने के लिए लिया जाता है। कंपनी खास तौर पर उन यूजर्स के अकाउंट ब्लॉक करती है, जिन्हें लेकर रिपोर्ट किया जाता है। हालांकि, कंपनी ने ये भी माना है कि चंद यूजर्स के अकाउंट गलती से भी ब्लॉक हो जाते हैं, जिनका एक्सेस कंपनी जितना जल्दी संभव हो दोबारा बहाल कर देती है।
सोमवार शाम को अकाउंट हुए ब्लॉक
रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार शाम 8 बजे के बाद से कई भारतीय यूजर्स के अकाउंट का एक्सेस ब्लॉक कर दिया गया। वे वॉट्सऐप की सर्विस को एक्सेस नहीं कर पा रहे हैं। मेटा ने इसे लेकर पहले से यूजर्स को कोई वॉर्निंग नहीं दी थी। हालांकि, कई यूजर्स को वॉट्सऐप ओपन करते ही एक मैसेज नजर आने लगा है, जिसमें लिखा है कि उनका अकाउंट अभी रिव्यू किया जा रहा है।
कंपनी ने अपने मैसेज में साफ किया है कि अकाउंट की एक्टिविटी और डिवाइस की जानकारी को चेक किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में ये देखा जाएगा कि अकाउंट द्वारा कंपनी के नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं। यूजर्स को 24 घंटे के अंदर इसे लेकर जवाब दे दिया जाएगा। वॉट्सऐप ने यूजर्स को अपने संदेश में बताया कि ज्यादा डिटेल के लिए नीचे चेक करें। वॉट्सऐप का जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करें। भारत के अलावा दुनिया के अलग-अलग देशों के यूजर्स के अकाउंट भी कंपनी ने टेम्पोररी ब्लॉक कर दिया है। इसे लेकर यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शिकायत की है।
कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती?
वॉट्सऐप पर किसी भी अकाउंट पर एक्शन तब लिया जाता है, जब उस अकाउंट से किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जाती है। मेटा के इंस्टैंट मैसेजिंग ऐप की पॉलिसी का उल्लंघन करने पर यूजर के अकाउंट को कंपनी की तरह से ब्लॉक कर दिया जाता है। उदाहरण के तौर पर स्पैम मैसेज या गलत अफवाह फैलाए जाने पर अकाउंट पर कार्रवाई की जाती है। साथ ही, अगर अकाउंट को एक साथ कई यूजर्स रिपोर्ट करते हैं तो कंपनी की तरफ से एक्सेस ब्लॉक कर दिया जाता है। अकाउंट रिव्यू करने के बाद अगर पॉलिसी का उल्लंघन नहीं होता है तो एक्सेस फिर से बहाल कर दिया जाता है।
WhatsApp से जुड़ी अन्य खबर की बात करें तो हाल में लॉन्च हुए यूजरनेम फीचर को सरकार ने भारत में रोक दिया गया है। सरकार ने इसे लेकर मेटा को निर्देश दिए हैं। पिछले दिनों वॉट्सऐप के यूजरनेम फीचर को लेकर सरकार ने मेटा से स्पष्टीकरण की मांग की थी। वॉट्सऐप ने जिसे लेकर बाद में अपना जवाब सबमिट किया था।
यह भी पढ़ें - 6 अगस्त को Vivo भारत में लॉन्च करेगा 7050mAh बैटरी वाला फोन, कीमत आई सामने