(फोटो साभार: dnaindia)
पुणे: आपने उद्योगपतियों के खानदान में होने वाली महंगी-महंगी शादियों के बारे में तो खूब सुना होगा, लेकिन दहेज के कारण अगर कोई शादी अचानक सोशल मीडिया की सुर्खियां बन जाए तो यकीनन हैरानी होगी। हम आपको पुणें में बीते रविवार को हुई एक शादी के बारे में बता रहे हैं जिसमें लड़की वालों ने दूल्हे को ऑडी, फॉर्च्यूनर कार और 12 बाइक्स गिफ्ट में दे दी। इतना ही नहीं इस बारात में शामिल होने वाले बाराती भी खुशनसीब रहे किसी को सोने के सिक्के तो किसी को सोने की अंगूठियां उपहार स्वरूप मिलीं। आपको बता दें कि बीते कुछ दिनों ये यह शादी सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बनी हुई है।
दरअसल पुणे शहर के एक जाने माने उद्योगपति बाबूराव वायकर के बेटे अक्षय की शादी थी। अक्षय की शादी भी पिंपरी के जाने-माने बिल्डर गुलाब वाल्हेकर की बेटी ऐश्वर्या वाल्हेकर के साथ तय हुई थी। उम्मीद के मुताबिक इस शादी में शहर के जाने माने कई उद्योगपतियों ने शिरकत की। दिलचस्प बात यह रही कि इस शादी के हर बाराती को कोई न कोई गिफ्ट जरूर दिया गया। सोशल मीडिया पर दूल्हे और बारातियों को मिले गिफ्ट को लेकर चर्चा हो रही है।
जहां एक ओर लड़की के पिता ने अपने दामाद का शाही स्वागत करते हुए उसे एक फॉर्च्यूनर और एक ऑडी कार गिफ्ट में दे दी। बड़े दिल वाले ससुर जी का गिफ्ट देने का सिलसिला यहीं नहीं रूका उन्होंने दूल्हे के 12 सगे और चचेरे भाइयों को भी रॉयल एनफील्ड गाड़ी उपहार में दी। अब इतनी आलीशान शादी में अगर बारातियों का ख्याल न रखा जाता तो शायद ससुर जी को अच्छा नहीं लगता तो बारातियों को भी सोने के सिक्के और सोने की अंगूठियां उपहार में दी गईं।