1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पंजाब में कोरोना के 409 नए केस मिले, 24 घंटे में 20 मरीजों की मौत

पंजाब में कोरोना के 409 नए केस मिले, 24 घंटे में 20 मरीजों की मौत

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 22, 2021 10:21 pm IST,  Updated : Jun 22, 2021 10:21 pm IST

पंजाब में कोरोना वायरस संक्रममण के 409 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 5,93,063 हो गई है। इसके अलावा, राज्य में 20 और रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद 15,888 तक पहुंच गई है।

पंजाब में कोरोना के 409...- India TV Hindi
पंजाब में कोरोना के 409 नए केस मिले, 24 घंटे में 20 मरीजों की मौत Image Source : PTI

चंडीगढ़: पंजाब में कोरोना वायरस संक्रममण के 409 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 5,93,063 हो गई है। इसके अलावा, राज्य में 20 और रोगियों की मौत के साथ ही मृतकों की तादाद 15,888 तक पहुंच गई है। एक मेडिकल बुलेटिन के अनुसार राज्य में उपचाराधीन रोगियों की संख्या 5,968 है। संक्रमण की दर 0.91 प्रतिशत है। 880 और लोगों के संक्रमण से उबरने के बाद ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या 5,71,207 तक पहुंच गई है। 

मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, राज्य में अब तक 1,05,01,071 नमूनों की जांच की जा चुकी है। इस बीच, केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में संक्रमण के 22 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 61,467 तक पहुंच गई है। मेडिकल बुलेटिन के मुताबिक, मंगलवार को मौत का कोई मामला सामने नहीं आया। इसलिये मृतकों की संख्या 806 है। उपचाराधीन रोगियों की संख्या कम होकर 278 रह गई है।

भारत में 91 दिन बाद कोविड-19 के 50 हजार से कम नए मामले

भारत में 91 दिन बाद, बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 50 हजार से कम 42,640 नए मामले सामने आए जिन्हें मिला कर बाद देश में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,99,77,861 हो गई। वहीं, 79 दिन बाद उपचाराधीन मरीजों की संख्या सात लाख से कम हो गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 1,167 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,89,302 हो गई है। देश में 68 दिन बाद संक्रमण से मौत के इतने कम मामले सामने आए हैं। 

मंत्रालय की ओर से सुबह सात बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 रोधी टीके की सर्वाधिक 86.16 लाख खुराक लोगों को दी गई। दुनिया में कहीं भी एक दिन में इतनी खुराक नहीं दी गई हैं। देश में अभी तक टीके की कुल 28.87 करोड़ खुराक लोगों को दी जा चुकी है। मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 6,62,521 हो गई है, जो कुल मामलों का 2.21 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96.49 प्रतिशत है। 

आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 39,40,72,142 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 16,64,360 नमूनों की जांच सोमवार को की गई। आंकड़ों के अनुसार, नमूनों के संक्रमित आने की दैनिक दर कम होकर 2.56 प्रतिशत है, जो पिछले 15 दिन से यह पांच प्रतिशत से कम बनी है। नमूनों के संक्रमित आने की साप्ताहिक दर भी कम होकर 3.21 प्रतिशत हो गई है। 

संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या लगातार 40वें दिन संक्रमण के नए मामलों से अधिक रही। देश में अभी तक कुल 2,89,26,038 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। वहीं, कोविड-19 से मत्यु दर 1.30 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले घंटे में जिन 1,167 लोगों की संक्रमण से मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 352 लोग, तमिलनाडु के 189 लोग और कर्नाटक के 142 लोग थे। 

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से अभी तक 3,89,302 लोगों की मौत हुई है, जिनमें से महाराष्ट्र के 1,18,313, कर्नाटक के 34,025, तमिलनाडु के 31,386, दिल्ली के 24,925, उत्तर प्रदेश के 22,224, पश्चिम बंगाल के 17,390, पंजाब के 15,854 और छत्तीसगढ़ के 13,395 लोग थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।