1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अब पंजाब में बड़ा खतरा, स्वर्ण मंदिर के पूर्व ‘हजूरी रागी’ ने सैकड़ों लोगों की सभा में किया था किर्तन

अब पंजाब में बड़ा खतरा, स्वर्ण मंदिर के पूर्व ‘हजूरी रागी’ ने सैकड़ों लोगों की सभा में किया था किर्तन

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 02, 2020 03:26 pm IST,  Updated : Apr 02, 2020 04:12 pm IST

पद्म श्री से सम्मानित स्वर्ण मंदिर के पूर्व ‘हजूरी रागी’ की बृहस्पतिवार सुबह यहां कोरोना वायरस से मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 से मरने वाले लोगों की संख्या पांच हो गई है।

स्वर्ण मंदिर के पूर्व...- India TV Hindi
स्वर्ण मंदिर के पूर्व ‘हजूरी रागी’ की कोरोना वायरस निधन

अमृतसर: पद्म श्री से सम्मानित स्वर्ण मंदिर के पूर्व ‘हजूरी रागी’ की बृहस्पतिवार सुबह यहां कोरोना वायरस से मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कोविड-19 से मरने वाले लोगों की संख्या पांच हो गई है। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि निर्मल सिंह (62) हाल ही में विदेश से लौटे थे और बुधवार को वह कोविड-19 से संक्रमित पाए गए। सरकारी मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. सुजाता शर्मा ने बताया कि उनकी हालत बुधवार शाम को बिगड़नी शुरू हो गई थी और उन्हें वेंटीलेटर पर रखा गया था। बृहस्पतिवार तड़के साढ़े चार बजे उनका निधन हो गया।

उन्होंने बताया कि ‘गुरबाणी’ के सभी रागों का ज्ञान रखने वाले सिंह को सीने में संक्रमण के इलाज के लिए गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने सांस लेने में दिक्कत और चक्कर आने की शिकायत की थी। अधिकारियों के अनुसार, विदेश से लौटने के बाद उन्होंने दिल्ली तथा कुछ अन्य स्थानों पर बड़े धार्मिक सम्मेलन किए थे। उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों और अन्य रिश्तेदारों के साथ 19 मार्च को चंडीगढ़ के एक घर में ‘कीर्तन’ भी किया था।

अधिकारियों ने बताया कि उनकी दो बेटियों, बेटे, पत्नी, ड्राइवर और उनके साथ चंडीगढ़ गए 6 अन्य लोगों के नमूने भी जांच के लिए भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ प्रशासन को इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने के लिए सेक्टर 27 में हुई धार्मिक सभा के बारे में सूचित कर दिया गया है। इन्हें 2009 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। उन्हें गुरु ग्रंथ साहिब की गुरबाणी के सभी 31 ‘रागों’ का ज्ञान था। उनकी मौत के साथ ही राज्य में इस संक्रामक रोग से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

पंजाब में अभी तक कोरोना वायरस के कुल 46 मामले आए हैं। नवांशहर से 19, मोहाली से 10, होशियारपुर से छह, जालंधर से पांच, लुधियाना से तीन, अमृतसर से दो और पटियाला से एक मामला सामने आया है। इन 46 मामलों में से एक मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत