1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. DDCA में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच हो: राहुल गांधी

DDCA में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच हो: राहुल गांधी

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 24, 2015 12:50 pm IST,  Updated : Dec 24, 2015 03:18 pm IST

राहुल गांधी ने DDCA में कथित गड़बडि़यों को उजागर वाले करने वाले BJP सांसद कीर्ति आजाद को निलम्बित किये जाने पर PM नरेंद्र मोदी पर हमला बोला और आजाद के आरोपों की जांच कराने की मांग की।

rahul gandhi- India TV Hindi
rahul gandhi

लखनऊ: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने DDCA में कथित गड़बडि़यों को उजागर करने के लिये संवाददाता सम्मेलन करने वाले भाजपा सांसद कीर्ति आजाद को निलम्बित किये जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला और आजाद के आरोपों की जांच कराने की मांग की।

राहुल ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र अमेठी के दो दिवसीय दौरे से वापस लौटते समय लखनऊ के चौधरी चरण सिंह हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, मोदी जी चुनाव के दौरान तरह-तरह के घोटालों की बातें करते थे। अब क्रिकेट घोटाला सामने आया है। इसे उजागर करने वाले सांसद को निलम्बित कर दिया गया और ना खाउंगा और ना खाने दूंगा की बात कहने वाले प्रधानमंत्री जी बिल्कुल चुप हैं।

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री देश के प्रधानमंत्री हैं और लोगों का भरोसा टूट रहा है, उन्हें एक्शन लेना चाहिये। उन्हें जांच करानी चाहिये। गौरतलब है कि भाजपा सांसद एवं पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी कीर्ति आजाद ने वित्त मंत्री अरूण जेटली के खिलाफ DDCA में कथित भ्रष्टाचार को लेकर एक अभियान चलाया था। हाल में उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में जेटली का नाम लिए बिना उन पर परोक्ष रूप से गम्भीर आरोप लगाये थे। इस पर कार्रवाई करते हुए भाजपा संसदीय बोर्ड ने कल आजाद को निलंबित कर दिया।

भाजपा ने आजाद पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने और पार्टी की छवि धूमिल करने के लिए कांग्रेस एवं आप के साथ सांठगांठ करने का आरोप लगाया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत