1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'चीन ने की घुसपैठ, दिल्ली जितने इलाके पर कर रखा है कब्जा', राहुल गांधी का बयान

'चीन ने की घुसपैठ, दिल्ली जितने इलाके पर कर रखा है कब्जा', राहुल गांधी का बयान

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 30, 2021 07:00 pm IST,  Updated : Oct 30, 2021 07:17 pm IST

राहुल गांधी ने कहा, "चीन हमारे देश में घुसपैठ कर रहा है, लगभग दिल्ली जितने क्षेत्र पर उन्होंने कब्ज़ा किया है। वे आज भारतीय क्षेत्र में बैठे हैं। परन्तु प्रधानमंत्री कहते हैं कि किसी ने कोई भी क्षेत्र नहीं लिया।"

'चीन ने की घुसपैठ, दिल्ली जितने इलाके पर कर रखा है कब्जा', राहुल गांधी का बयान- India TV Hindi
'चीन ने की घुसपैठ, दिल्ली जितने इलाके पर कर रखा है कब्जा', राहुल गांधी का बयान Image Source : PTI

पणजी (गोवा): कांग्रेस नेता और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को एक बार फिर से चीन द्वारा भारत की जमीन कब्जाने की बात कही और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर इस मामले में झूठ बोलने का आरोप लगाया। इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि चीन ने भारत की करीब इतनी जमीन कब्जा रखी है, जितनी में दिल्ली बसी है।

पणजी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "चीन हमारे देश में घुसपैठ कर रहा है, लगभग दिल्ली जितने क्षेत्र पर उन्होंने कब्ज़ा किया है। वे आज भारतीय क्षेत्र में बैठे हैं। परन्तु प्रधानमंत्री कहते हैं कि किसी ने कोई भी क्षेत्र नहीं लिया।"

राहुल गांधी ने गोवा में और क्या-क्या कहा?

वहीं, इससे पहले गोवा में कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान का बिगुल फूंकते हुए राहुल गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी अपने चुनाव घोषणापत्र में जो वादे करती है, वे महज कोई प्रतिबद्धता नहीं है बल्कि एक ‘‘गारंटी’’ है। गोवा में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। 

दक्षिण गोवा में मछुआरे समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी नफरत फैलाती है और लोगों को विभाजित करती है जबकि कांग्रेस प्यार और स्नेह फैलाती है क्योंकि वह लोगों को जोड़ने और उन्हें आगे ले जाने में यकीन करती है। 

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि भाजपा और कांग्रेस के बीच क्या अंतर है। कांग्रेस भारत के लोगों को एकजुट करने और उन्हें आगे ले जाने में विश्वास करती है।’’ उन्होंने कहा कि भाजपा की नफरत का कांग्रेस का जवाब प्यार और स्नेह है। 

उन्होंने कहा, ‘‘जब भी वे नफरत फैलाते हैं और लोगों को बांटते हैं तो हम प्यार और स्नेह फैलाते हैं। मैं यहां आपका और अपना वक्त बर्बाद करने के लिए नहीं आया हूं। जैसे आपका वक्त महत्वपूर्ण है तो मेरा वक्त भी महत्वपूर्ण है। हम आपसे घोषणापत्र में जो वादा करेंगे वह महज कोई वादा नहीं होगा बल्कि गारंटी होगी।’’ 

उन्होंने कांग्रेस के आश्वासनों के बारे में मछुआरों से कहा, ‘‘मेरी विश्वसनीयता मेरे लिए महत्वपूर्ण है। अन्य नेताओं के विपरीत जब मैं यहां कुछ कहता हूं तो मैं सुनिश्चित करूंगा कि वैसा ही हो। अगर मैं यहां आया हूं तो मैं आपसे कहता हूं कि हम कोयला हब की अनुमति नहीं देंगे और अगर मैं यह नहीं करता हूं तो अगली बार जब मैं यहां आऊंगा तो मेरी कोई विश्वसनीयता नहीं रहेगी।’’ 

दरअसल, मछुआरे दक्षिण पश्चिम रेलवे की दोहरी पटरी वाली परियोजना का विरोध कर रहे हैं क्योंकि उनका आरोप है कि यह राज्य को कोयला हब में बदलने की कोशिश है। राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी ने छत्तीसगढ़ में किसानों का कर्ज माफ कर उनसे किए वादे पूरे किए। उन्होंने कहा, ‘‘आप पंजाब और कर्नाटक जा सकते हैं, हमने वहां भी यही (वादा पूरा) किया।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत