1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. राहुल गांधी ने दिखाई कोरोना से मौत के आंकड़ों की तस्वीर, कहा- गुजरात मॉडल की खुली पोल

राहुल गांधी ने दिखाई कोरोना से मौत के आंकड़ों की तस्वीर, कहा- गुजरात मॉडल की खुली पोल

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 16, 2020 10:03 am IST,  Updated : Jun 16, 2020 10:03 am IST

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोरोना वायरस से होने वाली मौंतों के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि गुजरात मॉडल की पोल खुल गई है। 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी- India TV Hindi
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी Image Source : FILE PHOTO

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता जा रहा है। लगातार बड़ी संख्या में कोरोना वायरस के पॉजिटिव केस सामने आ रहे हैं। संक्रमण के देश में हर रोज करीब 300 मौतें हो रही हैं। ऐसे विपक्ष भी सरकार को घेरने की पूरी कोशिश कर रहा है। अब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कोरोना वायरस से होने वाली मौंतों के आंकड़ों का जिक्र करते हुए कहा कि गुजरात मॉडल की पोल खुल गई है। 

राहुल गांधी ने कांग्रेस सरकार वाले राज्यों में कोरोना वायरस से होने वाली मौतों की दर की भाजपा शासित गुजरात में कोरोना वायरस से मौतों की दर के साथ तुलना करते हुए गुजरात मॉडल पर सवाल उठाए। राहुल गांधी का गुजरात मॉडल पर निशाना साधना एक तरह से उनका दोहरा वार है। इससे वह भाजपा की गुजरात सरकार और पीएम मोदी, दोनों पर निशाना साध रहे हैं। क्योंकि, गुजरात मॉडल की पहचान पीएम मोदी से ही है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, "गुजरात में मौत की दर 6.25 फीसदी है जबकि महाराष्ट्र में 3.75, राजस्थान में 2.32, पंजाब में 2.17, पुडुचेरी में 1.98, झारखंड में 0.5 और छत्तीसगढ़ में 0.35 फीसदी है। यह गुजरात मॉडल की पोल खोलता है।"

हालांकि, आपको बता दें कि देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में ही हुई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के कारण कुल 4128 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद दूसरे नंबर पर गुजरात में सबसे ज्यादा 1505 मौतें हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत