लखनऊ: रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने रविवार को बलरामपुर में सुशासन एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार में रेलवे के ढांचे को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। इस दौरान रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा भी मौजूद थे।
इससे पहले, रेलमंत्री ने गोरखपुर जाने से पहले लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि अगले रेल बजट में उत्तर प्रदेश को कई सौगात मिल सकती हैं। रेल मंत्रालय इस दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने साफतौर पर कहा कि यदि उत्तर प्रदेश सरकार जमीन दे तो बुंदेलखंड के हर हिस्से में ट्रेन पहुंचा दी जाएगी।
प्रभु ने कहा कि रेल मंत्रालय उप्र के सुदूरवर्ती इलाकों, खासकर बुंदेलखंड के अंदरूनी हिस्सों तक ट्रेन सुविधा पहुंचाने के लिए भी सक्रिय है। रेलमंत्री सुबह हवाई जहाज से लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पहुंचे और फिर स्पेशल ट्रेन से बलरामपुर जाने के लिए चारबाग स्टेशन आए।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में रेलमंत्री ने कहा कि जिस राज्य की ज्यादा आबादी होगी, वहां रेलवे ज्यादा सुविधाएं देगा। आबादी के लिहाज से उप्र सबसे बड़ा है, इसलिए यहां ट्रेन संचालन सहित अन्य सुविधाएं बढ़ाने को तरजीह दी जाएगी। उप्र में सुविधाएं बढ़ाने के लिए रेलवे गंभीरता से काम कर रहा है।
उन्होंने यूपी के उन हिस्सों में भी ट्रेन पहुंचाने की बात कही, जहां अभी तक ऐसा नहीं हो सका है। रेलमंत्री ने खासतौर से बुंदेलखंड का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार जमीन दे तो बुंदेलखंड के अंदरूनी हिस्सों तक पटरियां बिछाई जाएंगी। प्रदेश के उन इलाकों को भी ट्रेन सुविधा से जोड़ा जाएगा, जहां अभी तक ट्रेन नहीं पहुंच सकी है।