1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Rajat Sharma Blog: इमरान की तथाकथित 'गुगली' पर कांग्रेस को शर्मिंदगी उठानी पड़ सकती है

Rajat Sharma Blog: इमरान की तथाकथित 'गुगली' पर कांग्रेस को शर्मिंदगी उठानी पड़ सकती है

 Published : Dec 01, 2018 05:12 pm IST,  Updated : Dec 01, 2018 05:12 pm IST

पाकिस्तान परोक्ष रूप से मान रहा है कि वह पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तेमाल दुनिया की नजरों में अपने देश की स्वच्छ छवि पेश करने के लिए कर रहा है। 

Rajat Sharma Blog, Pakistan, Navjot singh sidhu, kartarpur corridor- India TV Hindi
Rajat Sharma Blog: Pakistan's boast about Imran's 'googly' could be a big embarrassment for Congress in India  Image Source : INDIA TV

पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने अपने प्रधानमंत्री इमरान खान की तारीफ के पुल बांधते हुए कहा है कि उन्होंने करतारपुर साहिब कॉरिडोर का काम शुरू कराने का फैसला लेकर भारत पर 'गुगली' फेंकने में कामयाबी हासिल की है। अपने क्रिकेट के दिनों में इमरान खान एक जाने-माने गेंदबाज थे। कुरैशी ने कहा, भारत उनके देश के साथ द्विपक्षीय वार्ता से बचता रहा है, लेकिन करतारपुर साहिब कॉरिडोर के मुद्दे पर भारत को अपने दो मंत्रियों को समारोह में शामिल होने के लिए भेजना पड़ा।

जाहिर है कि पाकिस्तान परोक्ष रूप से मान रहा है कि वह पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का इस्तेमाल दुनिया की नजरों में अपने देश की स्वच्छ छवि पेश करने के लिए कर रहा है। करतारपुर साहिब समारोह में इमरान खान की जमकर तारीफ करनेवाले सिद्धू भारत वापस लौटने के बाद अपने इस बयान पर एक और विवाद में फंस गए कि उन्हें राहुल गांधी और '20 अन्य कांग्रेस नेताओं' ने पाकिस्तान जाने के लिए कहा था।

इस विवाद की आंच को महसूस करने के बाद सिद्धू अपने बयान से पलट गए और उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'राहुल जी ने मुझे कभी पाकिस्तान जाने के लिए नहीं कहा। पूरी दुनिया जानती है कि मैं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के व्यक्तिगत आमंत्रण पर वहां गया था'

सिद्धू के बयानों और उनके कदम से कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व को काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी है और अब वक्त आ गया है कि पार्टी अपने इस बातूनी पूर्व क्रिकेटर पर लगाम कसे। (रजत शर्मा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत