नई दिल्ली: इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी संस्थान, मुंबई में जर्नलिज्म के छात्रों को सफलता के मंत्र दिये। रजत शर्मा टीवी रिपोर्टर्स और एंकर्स पर आयोजित एक वर्कशाप को संबोधित कर रहे थे।
रजत शर्मा ने छात्रों को कहा कि,"बिना कठिन परिश्रम के सफलता नहीं मिलती। ये जो टीवी पर दिखता है, जो ग्लैमर है, जो इतनी बड़ी जिंदगी है, इस तक पहुंचने के लिए बहुत लंबा संघर्ष करना पड़ता है। मैं आपको आपके जीवन के इस मोड़ पर पहली बात कहना चाहता हूं कि बड़ी-बड़ी चुनौतियां और तकलीफें आएंगी, लेकिन संघर्ष से घबराने की आवश्यकता नहीं है। "
"कोई कितना भी बड़ा हो जाए, लेकिन घमंड नहीं करना चाहिए", रजत शर्मा ने कहा।
वर्कशाप को संबोधित करते हुए रजत शर्मा ने कहा कि ,"जब जीवन में आप कुछ बन जाएं, मेरी शुभकामनाएं हैं आपके साथ, आप बड़े बनें, टीवी के एंकर्स बने, स्टार बने। जब आपके पास ताकत हो, उस समय पांव जमीन पर रहने चाहिए। बाबूजी हमें बचपन में सिखाते थे कि विद्या से विनय आती है, विनय से योग्यता मिलती है, योग्यता से धन मिलता है, धन से सुख मिलता है लेकिन अगर अहंकार आ गया और अपने बड़े होने का अहसास आ गया तो शायद हम जो कुछ भी पाते हैं, उसे खो सकते हैं।
उन्हों ने छात्रों से यह भी कहा कि," सपने ज़रूर देखें और बड़े-बड़े सपने देखे, लेकिन संघर्ष से ना डरें।"
"सपने देखें, बड़े-बड़े सपने देखें, कुछ बनने के सपने देखें, करने के सपने देखें, और जब सपने देखें, तो मन में एक बात ध्यान रखें, दो तरह के सपने होते हैं, एक वो जब रात में सोते हुए देखते हैं, जब चैन की नींद सोए होते हैं और दूसरे सपने होते हैं, जो पूरा करने के लिए हमें रात को नींद नहीं आती, मैं चाहता हूं कि आप वो सपने देखे, जिन्हें पूरा करने के लिए आपको नींद ना आए क्योंकि देश को आपके जैसे नौजवानों की आवश्यकता हैं। "