नई दिल्ली: दिल्ली के केशवपुरम मेट्रो स्टेशन पर 16 साल की एक लड़की ने मरे हुए भ्रूण को जन्म दिया। लड़की बलात्कार की शिकार हुई थी। पुलिस ने बताया कि वह गर्भपात कराने के लिए आरोपी लड़के और उसके दोस्त के साथ क्लीनिक जा रही थी। लेकिन मेट्रो स्टेशन पर टॉयलेट के पास वह अचानक गिर गई। मेट्रो स्टेशन के मेडिकल अधिकारी ने जांच में पाया कि उस लड़की ने मरे हुए भ्रूण को जन्म दिया था। जानकारी के मुताबिक उसे 5-6 महीने का गर्भ था। उसे काफी तेज रक्तस्राव भी होने लगा। इसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक यह घटना 31 जनवरी की बताई जाती है। आरोपी और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनके खिलाफ मानव तस्करी और बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित नाबालिक लड़की ने अपने दिए बयान में बताया है कि वह गुलशन नाम के शख्स से कुछ महीने पहले मिली थी। उसने नौकरी दिलाने का झांसा देकर मेरे साथ बलात्कार किया। उसके बाद उसने मुझे वेश्यावृति में धकेलाना चाहा। जब उसे पता चला कि मैं गर्भवती हूं तो उसने गर्भपात कराने का फैसला किया।
पुलिस ने पीड़िता के बयान पर गुलशन और पूजा के खिलाफ बलात्कार, देहव्यापार व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी कहने से बच रहे हैं। हालांकि उनका कहना है कि पीड़िता देहव्यापार से जुड़े लोगों का शिकार हो गई।