नई दिल्ली: सहारा समूह ने जेल में बंद अपने मुखिया सुब्रत राय की रिहाई के लिए धन का बंदोबस्त करने के इरादे से अपनी संपत्तियों को बेचने के बारे में उच्चतम न्यायलय में आज नया प्रस्ताव पेश किया। प्रधान न्यायाधीश तीरथ सिंह ठाकुर, न्यायमूर्ति ए आर दवे और न्यायमूर्ति ए के सीकरी की पीठ ने इस प्रस्ताव पर सेबी से चार सप्ताह के भीतर जवाब मांगा है। सहारा के वकील और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने कहा कि समूह अपना मुंबई का होटल--सहारा स्टार, फार्मूला वन में कंपनी के 42 फीसदी शेयर और चार विमानों को बेचने के लिए बातचीत कर रहा है।
समूह ने यह भी कहा कि विदेश में तीन होटलों लंदन में ग्रोवेनर हाउस होटल, और न्यूयार्क प्लाजा तथा ड्रीम न्यूयार्क होटल बेचने के लिए भी बातचीत जारी है। वकील ने कहा कि ग्रोसवेनर हाउस होटल के लिए कतर से बातचीत चल रहा है जिससे करीब 2300 करोड़ रुपए मिलेंगे। यही नहीं, समूह ने अमेरिका में उसके दो होटलों के लिए रशियन बैंक को फिर से वित्तीय मदद के लिए राजी किया है। सहारा समूह ने बेंगलुरू में भी अपनी संपत्तियों को बेचने की अनुमति मांगी है।
समूह को अपने निवेशकों को धन लौटाने के लिए सेबी-सहारा खाते में भुगतान के लिए 36000 करोड़ रुपए की व्यवस्था करनी है। न्यायालय ने 67 वर्षीय सुब्रत राय को अंतरिम जमानत के लिए कुछ शर्ते लगायी थीं जिनमें पांच हजार करोड़ रुपए नकद और इतनी ही राशि की बैंक गारंटी देना तथा निवेशकों को ब्याज सहित 36000 करोड रुपए लौटाना शामिल हैं। सुब्रत राय सहारा की कंपनियों के दो निदेशकों रवि शंकर दुबे और अशोक राय चौधरी के साथ चार मार्च, 2014 से तिहाड़ जेल में बंद हैं।