1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सैम पित्रोदा ने दी सफाई, कहा- ‘मेरी टिप्पणी पर प्रधानमंत्री और उनके मंत्रियों ने झूठ बोला, नहीं उठाए सेना पर सवाल’

सैम पित्रोदा ने दी सफाई, कहा- ‘मेरी टिप्पणी पर प्रधानमंत्री और उनके मंत्रियों ने झूठ बोला, नहीं उठाए सेना पर सवाल’

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 23, 2019 12:05 pm IST,  Updated : Mar 23, 2019 12:05 pm IST

बालाकोट में वायुसेना की कार्रवाई से जुड़े अपने एक बयान को लेकर सैम पित्रोदा ने आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रियों ने झूठ बोला।

Sam Pitroda (File Photo)- India TV Hindi
Sam Pitroda (File Photo) Image Source : PTI

नई दिल्ली: बालाकोट में वायुसेना की कार्रवाई से जुड़े अपने एक बयान को लेकर खड़े हुए विवाद के बाद इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने शनिवार को आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रियों ने झूठ बोला। उन्होंने यह भी दावा किया कि सोशल मीडिया के जरिए झूठ और गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। उन्होंने शनिवार की सुबह एक के बाद एक कई ट्वीट किए और खुद को गांधी के विचारों में विश्वास रखने वाला बतातए हुए कहा कि उन्होंने फौज पर सवाल नहीं उठाए। 

पित्रोदा ने ट्वीट कर कहा, ''मैं हैरान हूं कि मेरे एक साक्षात्कार को लेकर इस तरह प्रतिक्रिया, चर्चा और संवाद देखने को मिला। यहां तक कि भारत के प्रधानमंत्री और उनके कुछ मंत्रियों ने भी ट्वीट कर दिए। उन्होंने जो कहा है, वह झूठ है।'' उन्होंने कहा कि ''हमेशा सच की जीत होती है। आप कुछ देर के लिए कुछ लोगों को बेवकूफ बना सकते हैं, लेकिन हमेशा सभी लोगों को बेवकूफ नहीं बना सकते।'' 

उन्होंने ट्वीट में कहा कि “मैं बालाकोट एयर स्ट्राइक पर दी गई अपनी टिप्पणी पर अब भी बरकरार हूं।” उन्होंने कहा कि उन्होंने फौज पर सवाल नहीं किया लेकिन वो सरकार से और जवाब चाहते हैं। खबरों के मुताबिक पित्रोदा ने बालाकोट में वायुसेना की कार्रवाई को लेकर शुक्रवार को एक साक्षात्कार में कहा था कि क्या हमने सच में हमला किया था? क्या सच में 300 आतंकी मारे गए थे?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस पर निशाना साधते हुए कहा कि सुरक्षाबलों को नीचा दिखाना विपक्ष की आदत है। विवाद खड़ा होने के बाद पित्रोदा ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने एक नागरिक की हैसियत से सवाल किया था। उन्होंने कहा, ''मैंने सिर्फ एक नागरिक के रूप में कहा कि मैं यह जानने का हकदार हूं कि क्या हुआ। मैं पार्टी की तरफ से नहीं, सिर्फ एक नागरिक के रूप में बोल रहा हूं। मुझे यह जानने का अधिकार है कि इसमें क्या गलत है?''

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत