नई दिल्ली: जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर कर दी है। देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार कन्हैया कुमार की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सोमवार को सुनवाई होने की संभावना है।
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने कन्हैया कुमार की जमानत याचिका सुनने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि इस स्टेज पर यहां सुनवाई नहीं कर सकते हैं। हालांकि कोर्ट ने कन्हैया को हाईकोर्ट जाने की छूट दी। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में यह याचिका लंबित रहेगी।
गौरतलब है कि 28 वर्षीय छात्र नेता कन्हैया कुमार को गत 12 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। जेएनयू में आयोजित एक कार्यक्रम में उन पर राष्ट्रविरोधी नारे लगाने का आरोप है। वहीं, कन्हैया ने अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है।
जेएनयू कैंपस में नारेबाजी के 10 दिन बीत चुके है लेकिन मास्टरमाइंड उमर खालिद अपने कुछ सहयोगियों के साथ पुलिस से आंख मिचौली कर रहा है। वो अभी भी फरार है। बताया जा रहा है कि उमर खालिद देश छोड़कर बाहर भी जा सकता है।