1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कोलकाता फ्लाईओवर हादसा: निर्माण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी अरेस्ट

कोलकाता फ्लाईओवर हादसा: निर्माण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी अरेस्ट

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 06, 2016 04:07 pm IST,  Updated : Apr 06, 2016 04:09 pm IST

कोलकाता: पिछले सप्ताह ध्वस्त हो गए विवेकानंद फ्लाईओवर का निर्माण कर रही हैदराबाद स्थित कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हादसे में 26 लोगों की मौत हो गयी थी

bridge collapse- India TV Hindi
bridge collapse Image Source : PTI

कोलकाता: पिछले सप्ताह ध्वस्त हो गए विवेकानंद फ्लाईओवर का निर्माण कर रही हैदराबाद स्थित कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस हादसे में 26 लोगों की मौत हो गयी थी और 89 अन्य घायल हो गए थे। इसके साथ ही इस सिलसिले में गिरफ्तार किये गए लोगों की संख्या बढ़ कर 9 हो गई है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कोलकाता पुलिस के मुख्यालय लालबाजार में पूछताछ के बाद कल रात आईवीआरसीएल के परियोजना निगरानी प्रकोष्ठ के सहायक उपाध्यक्ष और पूर्वी क्षेत्र के प्रबंधक रंजीत भट्टाचार्यजी की गिरफ्तारी की पुष्टि की।

31 मार्च को हुए हादसे के बाद बीमार हो गये भट्टाचार्यजी को कल शाम अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी जिसके बाद उन्हें तत्काल लालबाजार लाया गया था। भट्टाचार्यजी की गिरफ्तारी के साथ ही भादंसं की धारा 302 (हत्या), 307 (हत्या का प्रयास) और 120 बी (आपराधिक षड्यंत्र) और अन्य के तहत आईवीआरसीएल के नौ अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है।

अब तक, आईवीआरसीएल के अभियान निदेशक गोपाल कृष्णमूर्ति, परियोजना निगरानी प्रकोष्ठ (पीएमसी) के उप महाप्रबंधक एस के रत्नम, सहायक महाप्रबंधक मल्लिकार्जुन राव, सहायक प्रबंधक देबज्योति मजुमदार, निर्माण प्रबंधक प्रदीप कुमार साहा, परियोजना प्रबंधक तनमय सिल और वरिष्ठ इंजीनियर श्यामल मन्ना और बिद्युत मन्ना को गिरफ्तार किया गया है।

अधिकारी ने बताया, भट्टाचार्यजी रत्नम को रिपोर्ट करते थे ऐसे में हमें उनकी भी तलाश थी। दक्षिण कोलकाता में आईवीआरसीएल के कार्यालय में एक तलाशी की जाएगी जहां से भट्टाचार्यजी काम करते थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत