1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. शिमला में मौसम की पहली बर्फबारी, पर्यटकों का लगा तांता

शिमला में मौसम की पहली बर्फबारी, पर्यटकों का लगा तांता

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 23, 2018 09:21 pm IST,  Updated : Jan 23, 2018 09:21 pm IST

प्रसिद्ध पर्यटन स्थल और हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लंबे इंतजार के बाद आज बर्फबारी हुई। यह जाड़े के मौजूदा मौसम की पहली बर्फबारी है।

shimla weather- India TV Hindi
shimla weather Image Source : PTI

शिमला: प्रसिद्ध पर्यटन स्थल और हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में लंबे इंतजार के बाद आज बर्फबारी हुई। यह जाड़े के मौजूदा मौसम की पहली बर्फबारी है। बर्फ से ढकी पहाड़ियों का नजारा देखने के लिए पर्यटकों का हुजूम उमड़ पड़ा है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शिमला और आसपास के इलाकों में बर्फबारी हो रही है और यह शिमला शहर में मौसम की पहली बर्फबारी है। शिमला के पास के पर्यटन स्थल कुफरी और नरकंडा में भी बर्फबारी हुई है।

बर्फबारी की खबर फैलते ही शिमला में पर्यटकों का तांता लग गया। चंडीगढ़ से अपने दोस्तों के साथ आईं आशिमा खन्ना ने कहा, "यह पहली बार है जब हम बर्फबारी देख रहे हैं। इंद्र देवता की मेहरबानी है।" शिमला में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री और अधिकतम 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां हल्की बर्फबारी हुई। कुफरी और मशोबरा में शिमला की तुलना में अधिक बर्फ पड़ी।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि शिमला की पहाड़ियों पर बर्फ एक-दो दिन टिकेगी। सेब की पैदावार के इलाके जुब्बाल और खारापत्थर में भी बर्फबारी की सूचना मिली है। अधिकारी ने कहा, "लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और शिमला जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में सामान्य बर्फबारी हुई है।"

मनाली में तापमान शून्य से छह डिग्री नीचे दर्ज किया गया। धर्मशाला का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कांगड़ा जिले की धौलाधर पर्वत श्रृंखला बर्फ की ताजी परत से ढंक गई है। धर्मशाला, पालमपुर, सोलन, नाहन, बिलासपुर, उना, हमीरपुर और मंडी में बारिश हुई है और सभी जगहों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने राज्य में बुधवार तक बर्फबारी या बारिश का अनुमान जताया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत