1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘फर्जी’ गांधी, कांग्रेस को खत्म करने का महात्मा गांधी का सपना पूरा करेंगे: शिवराज सिंह चौहान

‘फर्जी’ गांधी, कांग्रेस को खत्म करने का महात्मा गांधी का सपना पूरा करेंगे: शिवराज सिंह चौहान

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 11, 2019 06:50 pm IST,  Updated : Jul 11, 2019 06:50 pm IST

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी को ‘फर्जी’ गांधी बताते हुए तंज कसा कि वह असल गांधी यानी महात्मा गांधी के कांग्रेस को खत्म करने के सपने को पूरा करेंगे। 

SHIVRAJ RAHUL- India TV Hindi
शिवराज ने बोला राहुल गांधी पर हमला Image Source : SOCIAL MEDIA

नागपुर। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी को ‘फर्जी’ गांधी बताते हुए तंज कसा कि वह असल गांधी यानी महात्मा गांधी के कांग्रेस को खत्म करने के सपने को पूरा करेंगे। चौहान ने बृहस्पतिवार को राहुल गांधी पर तंज कसते हुए यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष पद से उनका इस्तीफा डूबते जहाज से कप्तान के भागने के समान है।

उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस अध्यक्ष ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। मैंने सुना है कि जब जहाज डूबता है तो, उसका कप्तान आखिर तक जहाज को बचाने की कोशिश करता है, लेकिन यहां तो कप्तान ही जहाज से कूद गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता के तत्काल बाद कहा था कि कांग्रेस का मकसद आज़ादी हासिल करना था और इसे अब भंग कर देना चाहिए। मेरे ख्याल से गांधी के बाद पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भी यही कहा था। अब फर्जी गांधी निश्चित रूप से असली गांधी का सपना पूरा करेंगे और कांग्रेस को खत्म करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकसभा चुनाव में जीत के बाद जश्न मनाने में वक्त जाया नहीं किया बल्कि सदस्यता अभियान के जरिए संगठन का विस्तार करने में जुट गई। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ यह सिर्फ चुनावी बढ़त नहीं है। भाजपा चुनाव उन्मुख पार्टी नहीं है। हम संगठन के विस्तार पर काम कर रहे हैं जबकि कांग्रेस जैसी पार्टियां वेंटिलेटर पर है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ जब कोई खुदाई करता है और कड़ी मेहनत करता है तो उस पार्टी (कांग्रेस) का अध्यक्ष काम से गायब होता है। कांग्रेस में ऐसा कोई नहीं है जो संकट का समाधान कर सके। कांग्रेस विधायक किसके पास जाएंगे क्योंकि उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है? ’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत