नई दिल्ली: मुंबई में जगुआर कार से कई कारों को टक्कर मारने और कई लोगों को घायल कर देने का सनसनीखेज़ मामला सामने आाया है। कार ड्राईवर की करतूत से लोग इतने नाराज़ हुए कि उन्होंने डेढ़ करोड़ की कार को बुरी तरह से डैमेज कर दिया। हादसे के बाद जैसे ही जगुआर का ड्राइवर लोगों के हत्थे चढ़ा उसकी शामत आ गई। लोगों ने ड्राइवर की जमकर पिटाई शुरू कर दी। मामला मुंबई के वर्सोवा इलाके का है।
Related Stories
चश्मदीदों के मुताबिक ड्राइवर ने नशे की हालत में कई गाड़ियों को टक्कर तो मारने के बाद कई लोगों को भी घायल कर दिया। घायलों को मुंबई के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक महिला भी है। सीसीटीवी में कैद घटना की तस्वीरों से ड्राइवर के नशे और रफ्तार के कॉकटेल का अंदाजा लगाया जा सकता है।
दूसरे सीसीटीवी वीडियो में ड्राइवर को पीटने की तस्वीरें भी कैद हुई है। घटना शाम साढ़े सात बजे से आठ बजे की है। आरोपी ड्राइवर टक्कर मारने के बाद भागने की कोशिश कर रहा था लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। पहले उसकी जमकर पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ड्राइवर की कार में इंजेक्शन्स और सीरिंज मिले हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कार चला रहे शख्स की पहचान 45 वर्षीय हितेश के रूप में हुई है, जो एक एयर कंडिशनिंग कंपनी के मालिक हैं। पुलिस उन्हें इलाज के लिए कूपर हॉस्पिटल ले गई है। सूत्रों का कहना है कि यहां उनका मेडिकल चेकअप कराया जाएगा, ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं वह नशे में तो कार नहीं चला रहे थे।