1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. हिमपात के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

हिमपात के कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 11, 2015 02:23 pm IST,  Updated : Dec 11, 2015 02:23 pm IST

कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में आज दूसरे दिन भी हिमपात और लगातार बारिश होने की वजह से महत्वपूर्ण श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है।

highway- India TV Hindi
highway

श्रीनगर: कश्मीर के ज्यादातर हिस्सों में आज दूसरे दिन भी हिमपात और लगातार बारिश होने की वजह से महत्वपूर्ण श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है।

हिमपात और बारिश की वजह से अनंतनाग जिले में इस राजमार्ग की जवाहर सुरंग के आसपास फिसलन हो गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग को वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है क्योंकि हिमपात की वजह से सड़क पर फिसलन हो गई है और ऐसे में वाहनों का चलना सुरक्षित नहीं है।

उन्होंने बताया कि हर मौसम में कश्मीर को शेष देश से जोड़ने वाली एकमात्र 294 किमी लंबी सड़क को आज सुबह साढ़े आठ बजे बंद किया गया। घाटी में ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान हिमांक के आसपास रहा। उत्तरी कश्मीर के पर्यटक रिजॉर्ट गुलमर्ग और दक्षिण कश्मीर के पहलगाम सहित ज्यादातर इलाकों में हिमपात हुआ। श्रीनगर शहर में रात को थोड़ी देर हिमपात हुआ और फिर बारिश होने लगी जिसके कारण बर्फ एकत्र नहीं हो पाई।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर शहर में बीते 24 घंटे में बारिश और बर्फ को मिला कर सुबह साढ़े आठ बजे तक लगभग 19.8 मिमी बारिश हुई। घाटी के दक्षिण में स्थित गेटवे शहर काजीगुंद में इस अवधि में सर्वाधिक 48.2 मिमी बारिश और बर्फबारी हुई। मौसम विभाग के अधिकारी के अनुसार, घाटी के उंचाई वाले हिस्सों में और नियंत्रण रेखा के पास वाले इलाकों में भारी हिमपात दर्ज किया गया। गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट में 43.4 मिमी बारिश के बराबर हिमपात दर्ज किया गया।

यहां जाड़ों में सर्वाधिक पर्यटक आते हैं। यह कश्मीर संभाग का सबसे ठंडा स्थान भी है जहां कल रात तापमान चार डिग्री घट कर शून्य से नीचे सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लद्दाख के सबसे ठंडे इलाकों करगिल और लेह में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से नीचे 1.4 डिग्री और शून्य से नीचे 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शेष घाटी में न्यूनतम तापमान हिमांक और 0.4 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत