1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Coronavirus: कोरोना वायरस को हराकर 3 लाख से ज्यादा लोग हुए ठीक, लेकिन एक्टिव मामले भी 2 लाख के पार

Coronavirus: कोरोना वायरस को हराकर 3 लाख से ज्यादा लोग हुए ठीक, लेकिन एक्टिव मामले भी 2 लाख के पार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 28, 2020 09:47 am IST,  Updated : Jun 28, 2020 09:47 am IST

देश के कुल 528859 कोरोना वायरस मामलों में लगभग 59 प्रतिशत यानि 306000 लोग ऐसे हैं जो पुरी तरह से ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 58.56 प्रतिशत हो गया है

Coronavirus Cured cases in india surpasses 300 thousand mark- India TV Hindi
Coronavirus Cured cases in india surpasses 300 thousand mark Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

नई दिल्ली। देश में जहां एक तरफ कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण की वजह से नए कोरोना वायरस मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं वहीं दूसरी तरफ कोरोना वायरस को हराकर ठीक होने वाले लोगों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी की गई ताजा जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे यानि शनिवार सुबह 8 बजे से लेकर रविवार सुबह 8 बजे तक देशभर में कोरोना वायरस के 19906 नए मामले सामने आए हैं और देश में अब कुल कोरोना वायरस मामलों का आंकड़ा बढ़कर 528859 हो गया है।

हालांकि अच्छी बात ये है कि देश के कुल 528859 कोरोना वायरस मामलों में लगभग 59 प्रतिशत यानि 306000 लोग ऐसे हैं जो पुरी तरह से ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना वायरस का रिकवरी रेट 58.56 प्रतिशत हो गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान ही देश में 13832 लोग कोरोना वायरस को हराकर पूरी तरह से ठीक हुए हैं।

लेकिन कोरोना वायरस की वजह से देश में लोगों की जान भी जा रही है और पिछले 24 घंटे के अंदर ही देश में यह वायरस 410 लोगों की मौत का कारण बन चुका है, देशभर में इस वायरस की वजह से अबतक कुल 16095 लोगों की जान जा चुकी है। कोरोना वायरस की वजह से देश में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र, दिल्ली और गुजरात में हुई हैं। महाराष्ट्र में यह वायरस 7273 लोगों की मौत का कारण बन चुका है जबकि दिल्ली में इसकी वजह से 2558 और गुजरात में 1789 लोगों की जान गई है।  

कोरोना वायरस के मरीजों की पहचान के लिए देश में लगातार टेस्टिंग हो रही है और रोजना अब देश में 2.20 लाख से ज्यादा टेस्ट हो रहे हैं। देश में कुल कोरोना वायरस टेस्टिंग का आंकड़ा बढ़कर 80 लाख के करीब पहुंच गया है। दुनियाभर में अमेरिका, रूस और ब्रिटेन के बाद कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा टेस्ट भारत में ही हो रहे हैं।

वैश्विक स्तर पर कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो दुनियाभर में कुल मामलों का आंकड़ा एक करोड़ के पार पहुंच गया है, अबतक दुनियाभर में कुल 1.08 करोड़ कोरोना वायरस मामले सामने आ चुके हैं और 5 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पूरी दुनिया में 54.58 लाख से ज्यादा कोरोना वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। दुनियाभर में कोरोना वायरस के सबसे अधिक मामले अमेरिका में हैं जहां पर 25.96 लाख से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 1.28 लाख से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, इसके बाद ब्राजील में 13.15 लाख से ज्यादा केस सामने आए हैं और 57 हजार से ज्यादा की जान गई है। रूस में भी 6.27 लाख केस सामने आ चुके हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत