1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. छत्‍तीसगढ़ में उच्‍च स्‍तर पर प्रशासनिक फेरबदल, सुनील कुमार कुजूर बने राज्‍य के नये मुख्य सचिव

छत्‍तीसगढ़ में उच्‍च स्‍तर पर प्रशासनिक फेरबदल, सुनील कुमार कुजूर बने राज्‍य के नये मुख्य सचिव

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 03, 2019 07:34 am IST,  Updated : Jan 03, 2019 07:34 am IST

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव अजय सिंह को हटा दिया है तथा सुनील कुमार कुजूर को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है।

Chhattisgarh- India TV Hindi
Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव अजय सिंह को हटा दिया है तथा सुनील कुमार कुजूर को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1983 बैच के अधिकारी और राज्य के मुख्य सचिव अजय सिंह को अध्यक्ष, राजस्व मंडल बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है तथा उनके स्थान पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1986 बैच के अधिकारी सुनील कुमार कुजूर को मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। 

उन्होंने बताया कि कुजूर कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव, कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी तथा अपर मुख्य सचिव वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग के पद पर तैनात थे। अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन ने राजस्व मंडल, बिलासपुर के अध्यक्ष कोप्पाला दुर्गानंद प्रसाद राव :भाप्रसे 1988 बैच: को कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी के पद पर पदस्थ किया है। 

उन्होंने बताया कि राज्य शासन ने वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव अमिताभ जैन :भाप्रसे 1989 बैच: को अपर मुख्य सचिव वाणिज्य एवं उद्योग तथा सार्वजनिक उपक्रम विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। अजय सिंह राज्य के सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं तथा वह जनवरी 2018 से राज्य के मुख्य सचिव के पद पर तैनात थे। 

छत्तीसगढ़ में हुए विधानसभा चुनाव में जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने राज्य में बड़ी संख्या में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों का तबादला किया है। राज्य सरकार ने राज्य में पहले ही नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति कर दी है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत