नई दिल्ली: भारत की विदेशमंत्री सुषमा स्वराज पाकिस्तान की यात्रा के बाद वापस भारत पहुंच गई हैं। स्वराज विशेष विमान से बुधवार रात 11.30 बजे दिल्ली पहुंची। सुषमा अपने पाकिस्तान दौरे पर गुरुवार को संसद में विस्तृत बयान देंगी। भारत-पाक संबंधों के बारे में पूछे जाने पर सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बातचीत रचनात्मक रूप से हुई और यही एक बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी पक्ष ने दिखाया कि वे मुंबई हमले की सुनवाई को लेकर भारत की चिंताओं को समझते हैं। पाकिस्तान ने न्यायिक प्रक्रिया तेज करने के लिए कदम उठाने का भरोसा दिलाया है।
सुषमा और अजीज की बैठक के बारे में सूत्रों ने कहा कि मुंबई हमले की सुनवाई पर कुछ समय दिया गया। बातचीत की प्रक्रिया का नया नाम रखने पर सूत्रों ने कहा, ‘भावना यह थी कि हम फिर से संपर्क स्थापित कर सकते थे लेकिन मछुआरों तथा धार्मिक पर्यटन जैसे दूसरे मुद्दे भी हैं जिन पर चर्चा की जानी है।’ सूत्रों ने कहा कि बातचीत की पक्रिया अतीत को खारिज नहीं कर रही है बल्कि विस्तृत बातचीत को आगे लेकर जा रही है। उन्होंने कहा, ‘हम समग्र वार्ता में मौजूद बातों से अधिक चाहते थे इसलिए इसे नया नाम दिया गया।’
उनका कहना है कि बैंकॉक की मुलाकात अच्छी मुलाकात थी और मु्द्दे जटिल थे लेकिन इसे दोषारोपण करने के ढंग से नहीं, बल्कि रचनात्मक ढंग से निपटाया गया। शरीफ के साथ सुषमा की मुलाकात में कई भाषाओं का इस्तेमाल हुआ। वहां उर्दू, हिंदुस्तानी और पंजाबी बोली गई। सुषमा ने शरीफ की मां, पत्नी, बेटी और पौत्री से मुलाकात की।