1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देश में स्वाइन फ्लू का कहर, पिछले हफ्ते गई 75 लोगों की जान, साल में हुईं कुल 605 मौतें

देश में स्वाइन फ्लू का कहर, पिछले हफ्ते गई 75 लोगों की जान, साल में हुईं कुल 605 मौतें

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 12, 2019 08:56 am IST,  Updated : Mar 12, 2019 08:56 am IST

स्वाइन फ्लू से देश में पिछले हफ्ते 75 लोगों की मौत होने के साथ इस विषाणु से इस साल मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 605 पहुंच गई।

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image

नई दिल्ली: स्वाइन फ्लू से देश में पिछले हफ्ते 75 लोगों की मौत होने के साथ इस विषाणु से इस साल मरने वाले लोगों की संख्या बढ़ कर 605 पहुंच गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों से सोमवार को यह जानकारी मिली। रविवार तक संकलित किए गए आंकड़ों के मुताबिक 19,380 लोगों में इस विषाणु की पुष्टि हुई है। स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले राजस्थान में दर्ज किए गए हैं।

राजस्थान में स्वाइन फ्लू के सर्वाधिक 4,551 मामले सामने आए है। राज्य में 162 लोगों की इस विषाणु से मौत हुई। गुजरात में 118 लोगों की स्वाइन फ्लू के चलते मौत हुई। राज्य में इस रोग से 3,969 लोग संक्रमित हुए। दिल्ली में पिछले तीन हफ्तों में स्वाइन फ्लू के 870 मामले दर्ज किए गए। राष्ट्रीय राजधानी में इस साल इस रोग से प्रभावित लोगों की संख्या 2,835 हो गई है।

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय द्वारा सोमवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में स्वाइन फ्लू से छह लोगों की मौत हुई है। इन छह लोगों में एक व्यक्ति दिल्ली का था और बाकी अन्य राज्यों के थे। मध्यप्रदेश में स्वाइन फ्लू से 71 लोगों की मौतें हुई, जबकि 357 लोग उससे संक्रमित हुए। महाराष्ट्र में इस रोग के चलते 52 लोगों की मौत हुई और 675 लोग उसकी चपेट में आए।

हिमाचल प्रदेश में इस रोग से 34 मौतें हुईं जबकि 298 मामले सामने आए। पंजाब में इस रोग से 31 लोगों की मौत हुई और 517 लोग संक्रमित हुए। उत्तर प्रदेश में 18 लोगों की मौत हुई, जबकि 1,431 लोग संक्रमित हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत