1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली में 100 साल पुराने मंदिर में तोड़फोड़, पार्किंग विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच हुई झड़प

दिल्ली में 100 साल पुराने मंदिर में तोड़फोड़, पार्किंग विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच हुई झड़प

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 01, 2019 05:54 pm IST,  Updated : Jul 01, 2019 11:28 pm IST

मध्य दिल्ली का हौज काजी इलाका पार्किंग विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच हुई झड़प का केंद्र बिंदु बन गया। एक व्यक्ति द्वारा पार्किंग के मुद्दे पर कुछ लोगों द्वारा मारपीट किए जाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है।

Temple vandalised in central Delhi after communities clash over parking issue- India TV Hindi
Temple vandalised in central Delhi after communities clash over parking issue

नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार क्षेत्र में एक स्कूटर खड़ा करने को लेकर हुए झगड़े ने साम्प्रदायिक रंग ले लिया है और क्षेत्र में स्थित एक मंदिर में तोड़फोड़ की गई। उसके बाद सोमवार को क्षेत्र में तनाव रहा। पुलिस ने बताया कि चावड़ी बाजार के लाल कुआं क्षेत्र में किसी अप्रिय घटना को टालने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना रविवार देर रात उस समय हुई जब आस मोहम्मद (20) एक इमारत के बाहर अपना स्कूटर खड़ी कर रहा था। इमारत के एक निवासी संजीव गुप्ता ने इस पर आपत्ति जतायी जो कि वहां खाने-पीने की एक दुकान चलाता है। 

Related Stories

गुप्ता की पत्नी बबीता ने बताया कि जब उसके पति ने स्टॉल के पास स्कूटर खड़ा करने पर आपत्ति की तो तब तो मोहम्मद वहां से चला गया लेकिन वह बाद में वहां और व्यक्तियों के साथ आया जिन्होंने ‘‘संभवत: शराब पी हुई थी’’ और उन्होंने गुप्ता की पिटायी कर दी। वहीं, 27 वर्षीय साफ्टवेयर इंजीनियर साकिब ने अलग बात बतायी। उसने कहा, ‘‘जब मोहम्मद की पिटाई कर दी गई, वह और उसके परिवार के अन्य सदस्य पुलिस थाने गए और मामला दर्ज कराया।’’ 

घटना से संबंधित एक वीडियो में पार्किंग मुद्दे को लेकर कुछ व्यक्ति एक व्यक्ति की कथित रूप से पिटायी करते दिखते हैं जिनके शराब के नशे में होने का संदेह है। क्षेत्र में रहने वाले आकीब हसन (25) ने कहा, ‘‘जब मोहम्मद ने अपना स्कूटर खड़ा किया, तो गुप्ता ने उससे कहा कि वह अपना स्कूटर कहीं और ले जाए, नहीं तो वह उसे आग लगा देगा। उसके बाद झगड़ा हो गया जिसमें गुप्ता और कुछ अन्य व्यक्तियों ने मोहम्मद को इमारत में खींचा और उसकी पिटायी कर दी।’’ इस बीच, स्थानीय लोगों ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर दिया और मोहम्मद और गुप्ता दोनों को पुलिस थाने ले जाया गया। साकिब ने दावा किया, ‘‘जब मोहम्मद और गुप्ता पुलिस थाने में थे, कुछ अज्ञात व्यक्ति मंदिर के बाहर एकत्रित हो गए और उसमें तोड़फोड़ की। इससे क्षेत्र में तनाव उत्पन्न हो गया।’’ 

मंदिर दुर्गा मंदिर गली में स्थित है। यह मंदिर घटनास्थल के पास में ही स्थित है। मंदिर के पुजारी अनिल कुमार पांडेय ने कहा, ‘‘भीड़ कल रात करीब 12 बजे मंदिर आयी। उसने मंदिर में तोड़फोड़ की और वहां से चली गई।’’ सोमवार को तोड़फोड़ के निशान दिखे। इसमें मंदिर का शटर क्षतिग्रस्त दिखा, मूर्तियां भी थोड़ी क्षतिग्रस्त थीं। 

दिन के समय दोनों पक्षों ने नारेबाजी की तथा इससे तनाव और बढ़ गया। पुलिस ने कानून एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत