1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ एनकाउंटर में एक आतंकी ढेर

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ एनकाउंटर में एक आतंकी ढेर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 11, 2021 07:34 pm IST,  Updated : Nov 11, 2021 07:34 pm IST

इससे पहले बुधवार को श्रीनगर के ईदगाह इलाके में CRPF के बंकर को निशाना बनाकर आतंकवादियों द्वारा हथगोले से किए गए हमले में एक पुलिसकर्मी सहित 2 लोग घायल हो गए।

Terrorist, Terrorist Killed, Terrorist Killed Kulgam, Terrorist Killed Jammu Kashmir- India TV Hindi
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक अज्ञात आतंकवादी मारा गया। पुलिस के एक अधिकारी ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दक्षिण कश्मीर में कुलगाम के चावलगाम इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने वहां घेराबंदी की तथा तलाशी अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा कि जब बल इलाके में तलाशी ले रहे थे, तो आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी कर दी।

अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान एक आतकंवादी मारा गया और फिलहाल उसकी पहचान की जा रही है। बता दें कि इससे पहले बुधवार को श्रीनगर के ईदगाह इलाके में CRPF के बंकर को निशाना बनाकर आतंकवादियों द्वारा हथगोले से किए गए हमले में एक पुलिसकर्मी सहित 2 लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि शाम करीब छह बजकर 40 मिनट पर आतंकवादियों ने श्रीनगर जिले के आली मस्जिद ईदगाह के पास CRPF की 161वीं बटालियन के बंकर को निशाना बनाकर हथगोला फेंका था।

पुलिस ने बुधवार को बताया था कि हथगोला फटने से श्रीनगर के हवाल निवासी ऐजाज अहमद भट और शहर के ही नरवारा इलाके के रहने वाले पुलिस कांस्टेबल सजाद अहमद घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल इस समय छुट्टी पर हैं। उन्होंने बताया कि घायल भट को इलाज के लिए श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत