1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा के तट से टकराया चक्रवाती तूफान ‘तितली’, 3 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया

ओडिशा के तट से टकराया चक्रवाती तूफान ‘तितली’, 3 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 10, 2018 08:58 am IST,  Updated : Oct 11, 2018 06:36 am IST

तमाम शंकाओं और आशंकाओं के बीच यह खतरनाक तूफान गुरुवार सुबह ओडिशा के तट से टकरा गया।

ओडिशा-आंध्र पर मंडराया ‘तितली’ का खतरा, अगले 24 घंटे बच के रहें- India TV Hindi
ओडिशा-आंध्र पर मंडराया ‘तितली’ का खतरा, अगले 24 घंटे बच के रहें

भुवनेश्वर।  बंगाल की खाड़ी पर बन रहे दबाव के कारण आए चक्रवाती तूफान ‘तितली’ ने बुधवार को बेहद प्रचंड रूप ले लिया था। तमाम शंकाओं और आशंकाओं के बीच यह खतरनाक तूफान गुरुवार सुबह 126 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से ओडिशा के तट से टकरा गया। इसके चलते ओडिशा सरकार ने 5 तटीय जिलों से लगभग 3 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया है। इसके साथ ही ओडिशा के मुख्य सचिव आदित्य प्रसाद पाधी ने कहा कि राज्य में 11 और 12 अक्टूबर को सभी स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी हालात का जायजा लिया है। उन्होंने गंजम, पुरी, खुर्दा, केंद्रपाड़ा और जगतसिंहपुर जिलों के कलेक्टरों से तटीय क्षेत्र में निचले इलाकों में रह रहे लोगों से तुरंत घर खाली कराने के लिए कहा है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को अगले चार दिनों में चक्रवाती तूफान की वजह से दक्षिण बंगाल के छह जिलों में तेज हवा चलने और गरज के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। यहां बारिश की वजह से पूरे प्रदेश में दुर्गा पूजा की तैयारियों में व्यवधान उत्पन्न हो सकता है।

मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि चक्रवाती तूफान मौजूदा समय में ओडिशा के गोपालपुर से दक्षिण-पूर्व दिशा में 240 किलोमीटर दूर है। इसके गुरुवार सुबह ओडिशा और आंध्रप्रदेश के तटीय इलाकों में पहुंचने की संभावना है और इसके बाद यह गांगेय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मैदानी इलाकों में आने के बाद तूफान की तीव्रता लगातार कमजोर होती जाएगी।

इस तूफान के चलते भारतीय रेल ने 6 ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जबकि 3 ट्रेनों की दूरी घटाई गई है। 10 ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। इस बीच मौसम विभाग ने ताजा एडवाजयरी जारी कर रहा है बुधवार और गुरुवार के दिन तटीय और आंतरिक ओडिशा में भारी से बहुत भारी बरसात का रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के लिए भी गुरुवार के लिए भारी से बहुत भारी बरसात का रेड अलर्ट है। मौसम विभाग ने दक्षिणी ओडिशा और उससे सटे आंध्र प्रदेश के जिलों में 165 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक तूफान की वजह से ओडिशा के गजपति, गंजम, खुर्दा, नयागढ़ और पुरी जिलों में भारी तबाही मच सकती है, इसके अलावा आंध्र प्रदेश के विशाखापतनम, विजयानगरम और श्रीकाकुलम जिलों में भी तूफान तबाही मचा सकता है।

ओडिशा के मुख्य सचिव ए पी पाधी ने बताया कि गंजम के जिला प्रशासन ने गोपालपुर इलाके में पहले ही लोगों से घरों को खाली कराना शुरू कर दिया है। यहां चक्रवात ‘तितली’ के गुरुवार को करीब साढ़े पांच बजे पहुंचने की संभावना है। अभी तक करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि चक्रवात पहुंचने के दौरान समुद्र में करीब एक मीटर ऊंची लहरें उठने के भारतीय मौसम विभाग के अनुमान के मद्देनजर तुरंत स्थान खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज बताया कि चक्रवात ‘तितली’ बेहद प्रचंड चक्रवाती तूफान में तब्दील हुआ और ओडिशा-आंध्र प्रदेश तटीय इलाके की तरफ बढ़ रहा है। वहीं मंगलवार को एक विशेष बुलेटिन में कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र तीव्र होकर चक्रवाती तूफान तितली में बदल गया है और ओडिशा-आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है। आईएमडी ने बुधवार और गुरूवार को ओडिशा के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए राज्य में रेड अलर्ट भी जारी कर दिया है।

मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती तूफान पिछले छह घंटे में 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ा। आईएमडी के मुताबिक तितली ओडिशा में गोपालपुर से करीब 530 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में और आंध्र प्रदेश में कलिंगपट्नम से 480 किलोमीटर पूर्व- दक्षिण पूर्व में है।

भुवनेश्वर में मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एच आर विश्वास ने कहा, ‘‘अगले 24 घंटे में यह तीव्र चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और कुछ समय के लिए पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। जिसके बाद यह उत्तर पश्चिम की ओर बढ़कर 11 अक्टूबर को सुबह के आसपास गोपालपुर तथा कलिंगपट्नम के बीच ओडिशा और उससे लगे उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों को पार कर सकता है।’’

उन्होंने कहा कि इसके बाद यह उत्तर पूर्व की ओर जा सकता है और तटीय ओडिशा से पश्चिम बंगाल के गंगा क्षेत्र से गुजरते हुए धीरे-धीरे कमजोर हो सकता है। इसके प्रभाव में दक्षिण तटीय ओडिशा के गजपति, गंजाम, पुरी और जगतसिंहपुर जिलों के कुछ स्थानों पर बुधवार से भारी बारिश हो सकती है। इनके अलावा बुधवार और गुरूवार से गंजाम, गजपति, पुरी, जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, खुर्दा, नयागढ़, कटक, जाजपुर, भद्रक और बालासोर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

आईएमडी ने 11 अक्टूबर से कंधमाल, बौध तथा ढेंकानाल जिले में भी भारी से अत्यंत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ओडिशा सरकार को भी संभावित बाढ़ के हालात के मद्देनजर सतर्क कर दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत