1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नए साल के जश्न के कारण दिल्ली में ट्रैफिक जाम, 5 मेट्रो स्टेशनों के गेट करने पड़े बंद

नए साल के जश्न के कारण दिल्ली में ट्रैफिक जाम, 5 मेट्रो स्टेशनों के गेट करने पड़े बंद

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 01, 2020 10:06 pm IST,  Updated : Jan 01, 2020 10:06 pm IST

पुलिस ने कहा कि इंडिया गेट और सी हेक्सागन के आसपास बड़ी संख्या में आंगतुकों और मोटरचालकों की अधिक संख्या के चलते यातायात अधिक है।

Traffic jam- India TV Hindi
Heavy Traffic jam at ITO due to New Year celebrations in New Delhi Image Source : PTI

नई दिल्ली। नववर्ष का जश्न मनाने के लिए बुधवार को बड़ी संख्या में लोगों के इंडिया गेट और CP की ओर उमड़ने के कारण दिल्ली में कई जगह भीषण जाम लग गया। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के पांच स्टेशनों के प्रवेश एवं निकास द्वार शाम में बंद कर दिये गए, जिन्हें करीब एक घंटे बाद खोल दिया गया।

दिल्ली यातायात पुलिस यात्रियों को किसी भी परेशानी से बचाने के लिए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यातायात के बारे में लगातार जानकारी दे रही थी। इंडिया गेट, क्नाट प्लेस और आईटीओ की ओर जाने वाली सड़कों पर यात्री यातायात जाम में फंस गए। एक व्यक्ति ने ट्वीट करके दिल्ली पुलिस को एक एंबुलेंस के बाराखंबा रोड पर यातायात जाम में फंसे होने के बारे में जानकारी दी। इस पर पुलिस ने तत्काल जवाब दिया कि इस बारे में क्षेत्र के यातायात कर्मियों को अवगत करा दिया गया है।

सी.गेरा नाम के व्यक्ति यातयात जाम में फंसे थे, उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘#दिल्लीट्रैफिेक, मुख्यमंत्री महोदय हमेशा व्यस्त रहने वाले रिंग रोड पर आपके ‘अच्छे बीते पांच साल’ वाले पोस्टर के ठीक नीचे हम दो किलोमीटर लंबे यातायात जाम में फंसे हैं। कृपया मदद करिये।’’ एक अन्य व्यक्ति ने ट्वीट किया, ‘‘CP में पुरी तरह से जाम, आईटीओ फ्लाईओवर जाम है, क्या हो रहा है।’’

पुलिस ने कहा कि इंडिया गेट और सी हेक्सागन के आसपास बड़ी संख्या में आंगतुकों और मोटरचालकों की अधिक संख्या के चलते यातायात अधिक है। पुलिस ने कहा कि नोएडा से आने वाले लोगों को सलाह दी जाती है कि वे दिल्ली आने के लिए डीएनडी या अक्षरधाम का इस्तेमाल करें क्योंकि मथुरा रोड और कालिंदी कुंज के बीच रोड नम्बर 13ए यातायात आवागमन के लिए बंद है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रेमबाड़ी फ्लाईओवर पर एक ट्रक के खराब हो जाने के चलते उत्तरी दिल्ली में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘भारी संख्या में वाहनों की आवाजाही को देखते हुए अशोक रोड से जयसिंह रोड की ओर वाहनों की आवाजाही बंद है।’’ उसने ट्वीट किया, ‘‘पीडब्ल्यूडी की ओर से चलाये जा रहे मौजूदा कार्य के चलते राजा गार्डन से पंजाबी बाग की दिशा में वाहनों की आवाजाही अधिक रहेगी। कृपया इस हिस्से से परहेज करें।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत