लखनऊ: केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर आज बड़ा बयान दिया। उमा भारती ने कहा कि निर्माण लिए उन्हें जेल जाना पड़े तो जाएंगी, फांसी पर लटकना पड़े तो वो इसके लिए तैयार हैं। ये उनकी आस्था से जुड़ा हुआ है। हालांकि उन्होंने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है और समाधान निकालेगा। आपको बता दें आज उमा भारती ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
उमा भारती ने यहां संवाददाताओं से कहा, राम मंदिर मेरी आस्था का विषय है। मेरे विश्वास का विषय है। मुझे इस पर गर्व है...अगर जेल भी जाना पड़े तो जाऊंगी, फांसी पर लटकना पड़े तो लटक जाऊंगी।
जब सवाल किया गया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मुलाकात के दौरान क्या अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर चर्चा हुई तो उमा ने कहा, राम मंदिर पर हमें बात करने की जरूरत कहां रहती है। इस विषय पर हम (योगी और उमा) अजनबी नहीं हैं। योगी जी के गुरू महंत अवैद्यनाथ राम मंदिर आंदोलन के पुरोधा थे।
उन्होंने कहा कि मामला उच्चतम न्यायालय में है इसलिए वह ज्यादा नहीं बोलेंगी लेकिन खुद उच्चतम न्यायालय का कहना है कि मामले का हल अदालत से बाहर भी हो सकता है।