1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अहमदाबाद में VHP दफ्तर से 'लापता' हुए प्रवीण तोगड़िया, पुलिस को अभी तक नहीं मिला कोई सुराग

अहमदाबाद में VHP दफ्तर से 'लापता' हुए प्रवीण तोगड़िया, पुलिस को अभी तक नहीं मिला कोई सुराग

 Reported By: Bhasha
 Published : Jan 15, 2018 07:59 pm IST,  Updated : Jan 15, 2018 09:08 pm IST

विहिप कार्यकर्ताओं ने सोला थाने का घेराव किया, नारे लगाए और गांधीनगर जाने वाले राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध कर पुलिस से तत्काल तोगड़िया का पता लगाने की मांग की...

pravin togadia- India TV Hindi
pravin togadia

अहमदाबाद: विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने अपने अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया के आज सुबह से लापता होने का दावा करते हुए प्रदर्शन किया और उनका पता लगाए जाने की मांग की। विहिप ने दावा किया कि राजस्थान पुलिस ने एक प्रकरण के सिलसिले में 62 वर्षीय तोगड़िया को हिरासत में लिया है लेकिन पुलिस ने इस बात से इनकार किया है।

प्रवीण तोगड़िया अहमदाबाद से अचानक गायब हो गए हैं। वो कहां हैं, किसके साथ हैं, किसी को कुछ नहीं पता। पुलिस उन्हें खोजने की कोशिश कर रही है लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये है कि प्रवीण तोगड़िया के पास जैड कैटेगरी की सिक्युरिटी है और वो हमेशा सुरक्षा कर्मियों से घिरे रहते हैं इसके बाद भी अचानक उनके गायब हो जाने से तमाम तरह की अफवाहें उड़ रही हैं।

आज सुबह प्रवीण तोगड़िया अपने घर पर थे। वो सुबह करीब साढ़े दस बजे अहमदाबाद में वीएचपी के दफ्तर गए। इसके बाद कहां गायब हो गए इसकी जानकारी किसी को नहीं है। उनकी सुरक्षा में लगे गार्ड्स को भी उनके बारे में जानकारी नहीं है।

स्थानीय सोला थाने के अधिकारियों ने कहा कि राजस्थान पुलिस का एक दल एक पुराने मामले में सरकारी अधिकारी द्वारा लागू आदेश की अवज्ञा करने से जुड़ी आईपीसी की धारा 188 के तहत तोगड़िया के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट की तामील करने आज आया था लेकिन विहिप नेता अपने आवास पर नहीं मिले। विहिप कार्यकर्ताओं ने सोला थाने का घेराव किया, नारे लगाए और गांधीनगर जाने वाले राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध कर पुलिस से तत्काल तोगड़िया का पता लगाने की मांग की।

विहिप की गुजरात इकाई के महासचिव रणछोड़ भारवाड ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया आज सुबह 10 बजे से लापता हैं। उनके अता-पता की जानकारी रखने और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन की है।’’ उन्होंने कहा कि इस बात की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है कि तोगड़िया को गिरफ्तार किया गया है या नहीं। हालांकि भाजपा प्रवक्ता जय शाह ने दावा किया कि राजस्थान पुलिस ने तोगड़िया को एक पुराने मामले में हिरासत में लिया है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘हमारे नेता प्रवीण तोगड़िया को एक पुराने मामले में राजस्थान पुलिस ने शहर के पालदी इलाके में विहिप के प्रदेश मुख्यालय से हिरासत में लिया है और अपने साथ ले गई है।’’ हालांकि राजस्थान पुलिस ने तोगड़िया को हिरासत में लेने या गिरफ्तार करने की बात से इनकार किया है।

भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आलोक कुमार वशिष्ठ ने कहा, ‘‘हमारी टीम ने तोगड़िया को गिरफ्तार नहीं किया है। मेरी सूचना के मुताबिक गंगापुर (राजस्थान) का पुलिस दल गिरफ्तारी वारंट की तामील किये बिना लौट रहा है क्योंकि तोगड़िया अहमदाबाद में नहीं मिले। यह अफवाह है कि तोगड़िया हमारी हिरासत में हैं जो बिल्कुल भी सही नहीं है।’’

गंगापुर राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में है और राज्य पुलिस की भरतपुर रेंज के अधिकार क्षेत्र में आता है। सोला पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि राजस्थान पुलिस ने तोगड़िया के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की तामील कराने में उनकी मदद मांगी थी। लेकिन वह नहीं मिले।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत