नई दिल्ली:उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने इंडिया टीवी पर रजत शर्मा के कार्यक्रम आप की अदालत में कहा कि राहुल गांधी की सभा से लोग उसी खाट को उठाकर ले गए जिस पर बैठकर उन्होंने हमारे नेता के दिल की बात सुनी। उसी खाट पर बैठकर वे अपना सुनहरा दिन देखेंगे और जब खाट से सोकर उठेंगे तो वाकई एक नई रोशनी होगी, कांग्रेस की सरकार होगी और लोगों को न्याय मिलेगा। राज बब्बर राहुल गांधी की सभा में मची खाट लूट के सवाल पर जवाब दे रहे थे। इस कार्यक्रम का प्रसारण रविवार11 सितंबर को सुबह 10 बजे और रात 10 बजे होगा।
इन्हें भी पढ़ें:-
‘इंसाफ का तराजू’ देख मां ने कहा था, बेटा ऐसा काम मत कर: राज बब्बर
राहुल गांधी की सभा खत्म होते ही खाट की मची लूट
राज बब्बर ने कहा कि जो खाट बिछाई गई थी उसकी कीमत बहुत नहीं होगी। कांग्रेस के कार्यकर्ता भी उसे लेकर जानेवाले नहीं थे। वो वहीं के लोगों के लिए था। कौन उठाके ले गया और कौन नहीं, ये बात नहीं कह सकता। उन्होंने कहा कि इस बात को भी समझना चाहिए कि 27 साल के अन्दर क्या हालात हो गए हैं कि जो किसान अपनी समस्या बताने के लिए खाट पर बैठता है, फिर उसे अपने सिर पर या बाइक या साइकिल पर ले जाता है। इसके पीछे के दर्द को समझना चाहिए कि क्या हालात हैं।
गरीब, किसान राहुल की बातों को गंभीरता से लेते हैं
राहुल गांधी की बातों को लोग द्वारा सीरियसली नहीं लेने के सवाल पर राज बब्बर ने कहा कि जो लोग राहुलजी की बातों को सीरियसली लेते हैं वो गरीब हैं, किसान हैं, दबे-कुचले हैं। राहुलजी ने उनके लिए जमीन की लड़ाई लड़ी, जमीन बचाई, 72 हजार करोड़ रुपए का कर्ज पिछली सरकार में माफ कराया। राहुल जिनसे बात कर रहे हैं, वो उनको बड़ी गंभीरता से ले रहे हैं। उनकी जमीन को उन्होंने एक्वायर करने से रोका। वे लोग जानते हैं कि राहुल गांधी उनकी बात कर रहे हैं। अपने ही सरकार के मंत्रियों से लड़कर किसानों के हक में भूमि अधिग्रहण कानून बनवाया। मोदीजी को मजबूरन वही कानून बनाना पड़ा। आज मात्र 50 हजार करोड़ रुपए किसान का कर्ज है । वो माफ कर दें तो किसान आत्महत्या करने से बच जाएं। एक उद्योगपति 9 हजार करोड़ रुपए लेकर भाग गया लन्दन, और जो खाट ले रहे हैं उन्हें लुटेरा बता रहे हैं।
कांग्रेस में प्रियंका गांधी की भूमिका अहम
वहीं पार्टी में प्रियंका गांधी की भूमिका के सवाल पर राज बब्बर ने कहा कि पार्टी में प्रियंकाजी की भूमिका हमेशा रही है। मेरे ख्याल से सोनियाजी, राहुलजी, प्रियंकाजी का अपना अलग-अलग व्यक्तित्व है, लेकिन इनके परिवार को मैं एक यूनिट के तौर पर देखता हूं। क्योंकि इस परिवार ने बहुत कुर्बानियां दी हैं। देश के लिए, पार्टी के लिए। आज जब उत्तरप्रदेश को लेकर देश में एक राजनीतिक उथलपुथल है, उस उथलपुथल के अन्दर प्रियंकाजी से हम मांग कर रहे हैं कि प्रियंकाजी और मजबूत, और बड़ी भूमिका निभाएं। और हमें उम्मीद भी है कि शायद ऐसा होगा।
राहुल गांधी को सीएम प्रोजेक्ट करने की बात नहीं हुई
राहुल गांधी को यूपी में बतौर मुख्यमंत्री प्रोजेक्ट करने के पार्टी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के सुझाव को लेकर आई खबरों के बारे में जब राज बब्बर से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि ये बात पार्टी में तो किसी के कान में नहीं आई। उन्होंने किससे कहा होगा, हमें ऐसा कोई ज्ञान नहीं। प्रशांतजी के बारे में इतना कह सकता हू्ं कि सलाह उनकी कुछ भी हो सकती है, पर ऐसा कोई विचार न पार्टी में है, न किसी कार्यकर्ता ने दिया।
दबे-कुचले लोगों के लिए काम करते हैं राहुल
वहीं जब राज बब्बर से यह सवाल किया गया कि यूपी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते राहुल जी के बारे में उनके क्या विचार हैं? राज बब्बर ने कहा-राहुलजी दबे कुचलों के लिए काम करते हैं, राष्ट्र के बारे में सोचते हैं । उन्हें राष्ट्र के बारे में सोचना चाहिए, किसी भी प्रदेश के अन्दर सीमित नहीं रहना चाहिए।
यूपी बहुत ज्यादा एक्सपेरीमेंट नहीं चाहता
रजत शर्मा ने जब यह सवाल पूछा कि यूपी में उन्हें सीएम उम्मीदवार क्यों नहीं बनाया गया? राज बब्बर ने कहा-मेरे ख्याल में उत्तर प्रदेश बहुत ज्यादा एक्सपेरीमेन्ट नहीं चाहता। उत्तर प्रदेश में सभी जातियों ने मिलकर वोट दिया और 2007 में बहुत बड़ी सरकार बन गई, 2012 में एक नौजवान का चेहरा सामने आया और उस वक्त उन लोगों ने कहा कि हम लैपटॉप भी बांटेंगे। 2014 में एक और पार्टी ने बहुत बड़ी बातें कही। 15 लाख रुपए देंगे, महंगाई खत्म कर देंगे, 2 करोड़ नौजवानों को रोजगार दे देंगे, कुछ नहीं मिला। ऐसे मौके में मेरे जैसे आदमी के साथ एक्सपेरीमेन्ट नहीं हो सकता, जिस काम में निपुण हूं, वही काम मुझे दिया।
नौजवान घर नहीं चला पाते तो चाबी बड़े-बूढ़ों को थमाई जाती है
यूपी में पार्टी की सीएम उम्मीदवार शीला दीक्षित की राज बब्बर ने तारीफ करते हुए कहा कि मुगलों ने दिल्ली बनाई, अंग्रेजों ने उसे नया रूप दिया, लुटयेन्स बनाया, आजादी के बाद अगर किसी ने दिल्ली का चेहरा बदला तो वो शीला दीक्षित ने बनाया। वैसे भी शीलाजी और उनका परिवार उत्तर प्रदेश के कन्नौज से हैं। उत्तर प्रदेश को विकास की जरूरत है, एक अनुभव की जरूरत है, जहां घर की बहू, घर का नौजवान घर नहीं चला पाते, घर की चाबी घर के बड़े-बूढों को थमा दी जाती है। मुझे लगता है कि शीलाजी के हाथों में जाने के बाद राज्य की हालत सुधरेगी.
परिवार के 12 लोगों तक सिमटी समाजवादी पार्टी
समाजवादी पार्टी पर राज बब्बर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि किसी जमाने में सोशलिस्ट पार्टी होती थी, अब वो सपा बन कर रह गई है। इस सपा की सोशलिज्म परिवार के 12 लोगों में सिमट कर रह गई है . बाकी बाहर के लोगों को समाजवाद नजर नहीं आता। मैने कभी मुलायम सिंहजी का विरोध नहीं किया, मैं वही कह रहा हूं जो मुलायम सिंहजी कह रहे हैं कि ये सरकार लूट रोकने में असमर्थ है, यहां मंत्री जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं।
पहलवानी में कामयाब नहीं हो सके शिवपाल
समाजवादी पार्टी के नेता और मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवापाल यादव के कमेंट पर राज बब्बर ने कहा कि शिवपालजी छोटे हैं। वो मुलायम सिंहजी की तरह पहलवानी करना चाहते थे, पहलवानी में कामयाब नहीं हुए तो अब कारतूसों की बात करते हैं।
चाचा को कुछ भी कह सकता है भतीजा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा उन्हें बिना पेंदी का लोटा कहने के सवाल पर राज बब्बर ने कहा कि भतीजा चाचा के लिए कुछ भी कह सकता है।