1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कौन है सोशल मीडिया पर खलबली मचाने वाली प्रिया प्रकाश वारियर

कौन है सोशल मीडिया पर खलबली मचाने वाली प्रिया प्रकाश वारियर

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 13, 2018 02:10 pm IST,  Updated : Feb 13, 2018 02:10 pm IST

इस वीडियो के वायरल होने के बाद प्रिया प्रकाश वारियर सोशल मीडिया की नई सेनसेशन बन गईं हैं। WhatsApp, Twitter और Facebook पर प्रिया के ही चर्चे हो रहे हैं और इंस्टाग्राम पर तो प्रिया प्रकाश वारियर ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

Who-is-Priya-Prakash-Varrier-who-went-viral-with-a-wink- India TV Hindi
कौन है सोशल मीडिया पर खलबली मचाने वाली प्रिया प्रकाश वारियर

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर एक वीडियो ने तहलका मचा रखा है जिसमें एक लड़की की कजरारी आंखों के इशारों ने सोशल मीडिया पर खलबली मचा दी। जो भी इस वीडियो को देख रहा है दीवाना हो जा रहा है। लोग जमकर इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं। 26 सेकेंड का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है उसके बैकग्राउंड में वॉयलिन की धुन है। एक लड़का और एक लड़की आंखों से प्यार का इज़हार कर रहे हैं। स्टेज पर बैंड ग्रुप परफॉर्म कर रहा है और आस पास कई लड़के-लड़की हैं।

लेकिन जो वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया जा रहा है दरअसल उसे एडिट किया गया है। असल में इस वीडियो के पीछे कोई और धुन है, कोई और गाना है। असली गाना साउथ में शूट किया गया है और अपनी आंखों के इशारों से लोगों के दिलों को घायल करने वाली ये लड़की कोई और नहीं बल्कि साउथ फिल्मों की एक्ट्रेस है। नाम है प्रिया प्रकाश वारियर

18 साल की प्रिया प्रकाश वारियर असल में मलयाली हीरोइन हैं जो कि ओरू अडार लव नाम की रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म से डेब्यू कर रही हैं और जो वीडियो सोशल मीडिया पर तहलका मचा रहा है वो एक्ट्रेस प्रिया वारियर की 3 मार्च को रिलीज़ होने वाली उसी फिल्म के एक गाने का हिस्सा है। असल में ये गाना 26 सकेंड का नहीं बल्कि 3 मिनट 16 सेकेंड का है और क़रीब 1 मिनट 45 सेकेंड के बाद एक सीन आता है जिसमें प्रिया प्रकाश एक लड़के को आंखों से इशारा करती नज़र आती हैं।

इस वीडियो के वायरल होने के बाद प्रिया प्रकाश वारियर सोशल मीडिया की नई सेनसेशन बन गईं हैं। WhatsApp, Twitter और Facebook पर प्रिया के ही चर्चे हो रहे हैं और इंस्टाग्राम पर तो प्रिया प्रकाश वारियर ने कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रविवार सुबह तक इंस्टाग्राम पर प्रिया के फॉलोअर्स सिर्फ़ 68 हज़ार थे लेकिन अब फॉलोअर्स की संख्या 16 लाख के पार पहुंच चुकी है। प्रिया इंस्टाग्राम पर एक दिन में 6 लाख ज्यादा फॉलोवर जुटाकर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी सेलिब्रिटी बन चुकी हैं।

इतना ही नहीं प्रिया सबसे तेज 10 लाख से ज़्यादा फॉलोवर बनाने वाली भारत की पहली सेलिब्रिटी हैं। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो को 51 लाख से ज़्यादा लोग देख चुके हैं और यू-ट्यूब पर भी वीडियो को क़रीब 50 लाख व्यूज़ मिले हैं। प्रिया को भी यक़ीन नहीं था कि एक वीडियो से उन्हें रातोंरात ऐसी शोहरत मिल जाएगी। इसके लिए उन्होंने ट्वीटर पर फैंस को शुक्रिया कहा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर अपने लिए इस तरह का सपोर्ट देखकर हैरान हूं। कभी सोचा नहीं था कि मेरा डेब्यू नेशनल ट्रेंड बन जाएगा। डायरेक्टर ओमर लुलु सर को शुक्रिया।

बता दें कि प्रिया केरल के त्रिशूर की रहने वाली हैं और अभी बी.कॉम फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट हैं। प्रिया को एक्टिंग के अलावा म्यूजिक, डांस और ट्रैवलिंग का शौक है। अपने ट्वीटर अकाउंट पर प्रिया ने कुछ हिंदी गाने गाते हुए वीडियो भी अपलोड किए हैं। यानी जिस प्रिया प्रकाश वारियर का अब तक लोगों ने नाम भी नहीं सुना था वो प्रिया अब लाखों दिलों की धड़कन बन चुकी हैं। मोहब्बत के महीने में वैलेंटाइन सिंबल बन चुकी हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत