चंडीगढ़: चंडीगढ़ में सेक्टर-26 में सोमवार को एक शराब का ठेका व उसके बार की इमारत गिर गई, जिसमें दबकर छह लोगों की मौत हो गई। चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधीक्षक (एसएसपी) सुखचैन सिंह गिल ने संवाददाताओं को बताया कि इमारत के मलबे में दबने से छह लोगों की मौत हो गई।
इमारत के मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। इस हादसे में घायल छह अन्य लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कहा कि घटना शहर के ट्रांसपोर्ट इलाके में स्थित एक शराब के ठेके की है। ठेके की छत गिर गई और उसमें कई लोग दबे हुए हैं। बचाव अभियान जारी है।
पुलिस के अनुसार, ठेका बगल के प्लॉट में चल रहे अवैध निर्माण की वजह से गिरा। बगल के प्लॉट में बेसमेंट बनाने के लिए जमीन की खुदाई चल रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि उस प्लॉट के मालिकों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।