1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 16 जून का मौसम: गोवा-कर्नाटक और केरल में भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, वाराणसी सबसे गर्म शहर

16 जून का मौसम: गोवा-कर्नाटक और केरल में भारी बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट, वाराणसी सबसे गर्म शहर

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 16, 2025 06:46 am IST,  Updated : Jun 16, 2025 06:50 am IST

मौसम विभाग ने अधिकतर राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अभी भी लू चल सकती है। वहीं, गोवा और कर्नाटक में भारी बारिश की संभावना है।

pryagraj and kerala- India TV Hindi
प्रयागराज में भारी आंधी (बाएं), केरल में जलभराव (दाएं) Image Source : PTI

मौसम विभाग ने सोमवार (16 जून) के लिए गोवा, केरल और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों पर भारी बारिश होने की संभावना है। निचले इलाकों पर जल भराव हो सकता है। इसके लिए लोगों को तैयार रहने को कहा गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। यहां गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को बारिश के समय बड़े पेड़ के नीचे नहीं रुकने की सलाह दी जाती है। उत्तराखंड में भी अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। इसे देखते हुए राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

केरल के अधिकांश जिलों में रविवार से मूसलाधार बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य में 18 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहेगी। सोमवार को पांच जिलों के लिए रेड अलर्ट घोषित किया है, जबकि छह के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

kerala
Image Source : PTIकेरल के कोच्चि में भारी बारिश के बाद उफनती अलुवा पेरियार नदी के पानी से गुजरती एक महिला और एक बच्ची

केरल में स्कूलों की छुट्टी

भारी बारिश की आशंका को देखते हुए केरल के त्रिशूर, पाल्लक्काड़, कन्नूर, वायनाड, मलप्पुरम, कोट्टयम, कोझिकोड, इडुक्की, एर्नाकुलम, पथनमथिट्टा और कासरगोड के जिला कलेक्टरों ने सोमवार को जिलों के सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है। आलपुझा जिला कलेक्टर ने कुट्टनाड तालुका में छुट्टी की घोषणा की है। इन जिलों के अलावा राजधानी तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और आलप्पुझा के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार केरल और माही के तटीय क्षेत्रों में 3.1 मीटर से 3.4 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना है। मछुआरों को 18 जून तक इन समुद्री क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व दिल्ली के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है तथा हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हवा चलने का अनुमान जताया है। रविवार सुबह दिल्ली में बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। आईएमडी ने बताया कि रविवार सुबह राजधानी में 42 मिमी बारिश दर्ज की गई। उसने बताया कि सफदरजंग केंद्र में 33.5 मिमी, लोधी रोड पर 32 मिमी और पूसा केंद्र में 27.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि बारिश के चलते कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आईएमडी के अनुसार, रात ढाई बजे और तड़के साढ़े चार बजे के बीच बिजली कड़कने के साथ बारिश हुई।

आईएमडी का कहना है कि सोमवार शाम तक गरज के साथ छींटे पड़ने, बिजली चमकने, हल्की से मध्यम बारिश होने और 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 डिग्री सेल्सियस और 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, रविवार अपराह्न चार बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘‘संतोषजनक’’ श्रेणी में दर्ज की गई, जिसमें वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 62 रहा।

वाराणसी सबसे गर्म शहर

15 जून को वाराणसी देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा उरई, गाजीपुर में भी पारा 40 डिग्री के पार रहा। पंजाब में बठिंडा, हरियाणा में सिरसा, मध्य प्रदेश में सीधी और राजस्थान में चूरू सबसे गर्म जिले रहे। इन सभी जिलों में अधिकतम तापमान 41 से 42 डिग्री के बीच रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत