1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 51 हजार युवाओं को मिली रोजगार की सौगात, पीएम मोदी ने बांटे नियुक्ति पत्र, जानें संबोधन में क्या कहा

51 हजार युवाओं को मिली रोजगार की सौगात, पीएम मोदी ने बांटे नियुक्ति पत्र, जानें संबोधन में क्या कहा

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 19, 2026 10:11 am IST,  Updated : Sep 19, 2026 01:00 pm IST

20वें रोजगार मेले में आज पीएम मोदी ने 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटें। मिली जानकारी के मुताबिक, रोजगार मेले से अब तक 12 लाख से ज्यादा युवाओं को नौकरियां मिल चुकी हैं।

PM Modi- India TV Hindi
पीएम मोदी Image Source : ANI

नई दिल्ली: पीएम मोदी ने आज 20वें रोजगार मेले में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटें। देशभर में 45 जगहों पर आयोजित रोजगार मेले के तहत, उन्होंने युवाओं को वर्चुअली संबोधित भी किया। बता दें कि अब तक के रोजगार मेलों में कुल मिलाकर 12 लाख 75 हजार युवाओं को अलग-अलग विभागों और सरकारी संगठनों के नियुक्ति पत्र मिले हैं।

PM मोदी द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित युवाओं को ये नियुक्ति पत्र मिले हैं। ये कार्यक्रम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुआ और देश के 45 स्थानों पर आयोजित 20वें रोजगार मेले में चयनित युवाओं को पीएम मोदी ने वर्चुअली संबोधित भी किया।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

पीएम मोदी ने कहा, "देश में त्योहारों का समय शुरू हो चुका है। इन खुशियों के बीच आज का दिन हजारों परिवारों के जीवन में एक नई खुशी लेकर आया है। आज देश के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं।"

पीएम मोदी ने कहा, "आज आप जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसके पीछे आपकी मेहनत तो है ही। साथ ही आपके माता-पिता और आपके परिजनों की भी तपस्या है। मैं आप सभी युवा साथियों को और आपके परिवारजनों को बहुत-बहुत  बधाई देता हूं।"

पीएम मोदी ने कहा, "आज आप सभी एक ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश एक बहुत बड़े लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। ये लक्ष्य है 2047 तक विकसित भारत बनाने का। इसमें आप जैसे युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है। सरकार में रहते हुए आपको हर वो निर्णय लेना है, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को निरंतर सशक्त करे।"

पीएम मोदी ने कहा, "युवा होने के नाते विशेष तौर पर अन्य युवाओं के प्रति आपकी विशेष जिम्मेदारी है। आज आप देख रहे हैं कि हमारे युवाओं के टैलेंट और स्किल्स ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है। दुनिया को हमारे इनोवेटर्स, हमारे एंटरप्रेन्योर्स और हमारी युवाशक्ति से बहुत उम्मीदें हैं।"

पीएम मोदी ने कहा, "अभी कुछ दिन पहले ही ब्रिक्स समिट संपन्न हुई है। भारत का प्रयास रहा है कि ब्रिक्स कॉपरेशन केवल सरकारों तक सीमित न रहे। हमारे एंटरप्रेन्योर्स, हमारे किसान, हमारी महिलाएं, हमारे युवा, हर कोई इस पार्टनरशिप का सक्रिय भागीदार बने।"

युवाओं को किन विभागों में मिली है नौकरियां?

जिन युवाओं को आज नियुक्ति पत्र मिले हैं, उन्हें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवाएं विभाग और रक्षा मंत्रालय समेत अन्य विभागों में नौकरियां मिली हैं। सरकार का प्रयास है कि आगे भी इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को मोटिवेट किया जाए और रोजगार पाने की दिशा में युवाओं को भरपूर मौका मिले।

इससे पहले उत्तराखंड में अग्निवीर रोजगार सेल का गठन हुआ था और CM धामी बोले थे कि सैन्य धाम हमारी समृद्ध विरासत का प्रतीक बनेगा।

ये भी पढ़ें-

हल्द्वानी में नितिन नबीन और पुष्कर धामी ने युवाओं से किया संवाद, रोजगार से लेकर AI तक चर्चा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत