1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'बांग्लादेश में जो हुआ उससे भारत चिंतित, उम्मीद है हालात जल्द सामान्य होंगे', लाल किले से बोले पीएम मोदी

'बांग्लादेश में जो हुआ उससे भारत चिंतित, उम्मीद है हालात जल्द सामान्य होंगे', लाल किले से बोले पीएम मोदी

 Published : Aug 15, 2024 09:10 am IST,  Updated : Aug 15, 2024 09:43 am IST

78th Independence Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने संबोधन में बांग्लादेश के हालात पर चिंता जताई और कहा -उम्मीद है कि वहां हालात जल्द सामान्य होंगे।

PM Modi, independence day speech- India TV Hindi
पीएम मोदी Image Source : PTI

78th Independence Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले से अपने संबोधन में बांग्लादेश के हालात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में बांग्लादेश में जो कुछ भी हुआ उससे भारत की चिंता बढ़ी है। पीएम मोदी ने कहा-उम्मीद है वहां हालात जल्द सामान्य होंगे। भारत हमेशा चाहता है कि हमारा पड़ोसी देश शांति से रहे। 

 

अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित हो

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर  अपने संबोधन में यह भी कहा कि बांग्लादेश की विकास यात्रा को लेकर शुभेच्छा रहेगी। मोदी ने कहा, ‘‘बांग्लादेश में जो कुछ हुआ है उसको लेकर पड़ोसी देश के नाते हमें चिंता होना स्वाभाविक है। मैं आशा करता हूं कि वहां हालात जल्द सामान्य होंगे। 140 करोड़ देशवासियों की चिंता यह है कि वहां हिंदू, अल्पसंख्यक समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित हो।’’ 

पड़ोसी देश सुख और शांति से रहे

उन्होंने कहा, ‘‘भारत हमेशा चाहता है कि हमारे पड़ोसी देश सुख और शांति के मार्ग पर चलें। शांति के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है, हमारे संस्कार हैं। आने वाले दिनों में बांग्लादेश की विकास यात्रा के लिए हमेशा हमारी शुभेच्छा रहेगी, क्योंकि हम मानव जाति की भलाई के बारे में सोचने वाले लोग हैं।’’ 

शेख हसीना के इस्तीफा देने के बाद अल्पसंख्यकों पर हमले

बता दें कि बांग्लादेश में पिछले दिनों प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफा देने के बाद से कई हिंदू मंदिरों, हिंदू समुदाय के लोगों के घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़ की खबरें हैं। नौकरियों में विवादास्पद कोटा प्रणाली को लेकर शेख हसीना सरकार के खिलाफ हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद देश में अव्यवस्था का माहौल हो गया। 

हम समृद्ध भारत बना सकते हैं-पीएम मोदी

इससे पहले अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आजादी के दीवानों को नमन किया और विकसित भारत 2047 का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि हर चुनौती को पार करते हुए हम समृद्ध भारत बना सकते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि देश ने देखा है कि आजादी के बाद भी दशकों तक स्टेटेस को का माहौल बना रहा। हमने बड़े रिफॉर्म्स जमीन पर उतारे। लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए हमने रिफॉर्म्स का मार्ग चुना। हमने इस मानसिकता को तोड़ा है।

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत