1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अल्मोड़ा में गहरी खाई में गिरकर पिचकी ऑल्टो कार, कांग्रेस नेता सहित 4 की मौत

अल्मोड़ा में गहरी खाई में गिरकर पिचकी ऑल्टो कार, कांग्रेस नेता सहित 4 की मौत

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jun 29, 2026 06:42 pm IST,  Updated : Jun 29, 2026 07:01 pm IST

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। कार में सवार सभी लोग लमगड़ा क्षेत्र के चायखान से अपने गांव लौट रहे थे कि कार बेकाबू होकर खाई में गिर गई।

अल्मोड़ा में भीषण...- India TV Hindi
अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा। Image Source : INDIA TV

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। ऑल्टो कार में सवार सभी लोग लमगड़ा क्षेत्र के चायखान से बेगनिया गांव की ओर जा रहे थे। रास्ते में कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार अचानक अनियंत्रित होकर 25 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 2 लोग गंभीर घायल हो गए। मृतकों में कांग्रेस जिला सचिव भी शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शव बाहर निकालने में हुई रेस्क्यू टीम को परेशानी

मिली जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र के चायखान-बलिया बेगनिया मोटर मार्ग पर कार अचानक बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयावह था कि गाड़ी चकनाचूर हो गई। राहगीरों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालने में रेस्क्यू टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कार में सवार थे 6 लोग

दुर्घटनाग्रस्त कार में कुल 6 लोग सवार थे जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।

मृतकों के नाम-

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कांग्रेस जिला सचिव राजेंद्र सिंह, पान सिंह, जगदीश और लछम सिंह के रूप में हुई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घायलों की पहचान सचिन सिंह और गोपाल सिंह के रूप में हुई है। 

पुलिस ने क्या कहा?

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि 4 लोगों की मौत हुई है और दो लोग घायल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है। हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगा।

यह भी पढ़ें-

एक बेवकूफी ने ले ली 4 लोगों की जान, भीषण हादसे का Video हो रहा है खूब वायरल

तेज रफ्तार पिकअप ने डिलीवरी ब्यॉय को मारी टक्कर, मौके पर तोड़ा दम; CCTV में दर्दनाक हादसा कैद

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत