1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. तेज रफ्तार पिकअप ने डिलीवरी ब्यॉय को मारी टक्कर, मौके पर तोड़ा दम; CCTV में दर्दनाक हादसा कैद

तेज रफ्तार पिकअप ने डिलीवरी ब्यॉय को मारी टक्कर, मौके पर तोड़ा दम; CCTV में दर्दनाक हादसा कैद

 Published : Jun 27, 2026 08:08 pm IST,  Updated : Jun 27, 2026 08:08 pm IST

आसनसोल से एक दर्दनाक वीडियो सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार तेज रफ्तार पिकअप ने डिलीवरी ब्यॉय को टक्कर मार दी, जिसमें युवक की मौके पर मौत हो गई।

आसनसोल में भीषण हादसे में डिलीवरी ब्वॉय की मौत- India TV Hindi
आसनसोल में भीषण हादसे में डिलीवरी ब्वॉय की मौत Image Source : INDIA TV

पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल में शनिवार सुबह जीटी रोड स्थित कुमारपुर ब्रिज के निकट गोपालपुर इलाके में हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक डिलीवरी बॉय की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पूरी दुर्घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें हादसे का भयावह मंजर साफ दिखाई दे रहा है। मृतक की पहचान कुणाल उर्फ सुमन कुमार सिंह (22) और घायल की पहचान आदित्य साहू (23) के रूप में हुई है। दोनों ही हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर स्थित ध्रुवडांगा के निवासी थे और एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे आसनसोल से कुल्टी की ओर जा रही एक पिकअप वैन ने कुमारपुर ब्रिज के अंतिम छोर पर सामने से आ रही मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे, जबकि पिकअप वैन कई बार पलटने के बाद सड़क पर उलट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं आदित्य का अस्पताल में इलाज जारी है।

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

घटना के बाद मृतक और घायल के परिजनों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने दोनों परिवारों को आर्थिक मुआवजा देने की मांग को लेकर आसनसोल-कुल्टी जीटी रोड जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण लंबे समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

पुलिस के खिलाफ लोगों का आक्रोश

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि पिकअप वैन का चालक नाबालिग प्रतीत हो रहा था और नशे की हालत में वाहन चला रहा था। लोगों का कहना था कि पुलिस ऐसे मामलों पर ध्यान देने के बजाय केवल मोटरसाइकिल चालकों से जुर्माना वसूलने में व्यस्त रहती है। साथ ही कुमारपुर ब्रिज पर पर्याप्त ट्रैफिक व्यवस्था नहीं होने का भी आरोप लगाया गया।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी और विधायक

सूचना मिलते ही आसनसोल दक्षिण थाना, ट्रैफिक गार्ड की पुलिस और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (ट्रैफिक) जाधवर अविनाश भीमराव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने पुलिस का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। बाद में आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उचित कार्रवाई और आवश्यक सहायता का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। डीसीपी (ट्रैफिक) ने बताया कि हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और स्थानीय लोगों की मांगों पर भी गंभीरता से विचार किया जाएगा।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ें-

उत्तराखंड-गुजरात के बाद पश्चिम बंगाल की बारी, शुभेंदु सरकार कर रही UCC लागू करने की तैयारी, सोमवार को विधानसभा में पेश होगा बिल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।