1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई की एक अभिनेत्री के चक्कर में 3 IPS अधिकारियों पर गिरी गाज, हो गए सस्पेंड, जानें पूरा मामला

मुंबई की एक अभिनेत्री के चक्कर में 3 IPS अधिकारियों पर गिरी गाज, हो गए सस्पेंड, जानें पूरा मामला

 Published : Sep 15, 2024 10:04 pm IST,  Updated : Sep 16, 2024 12:01 am IST

मुंबई की अभिनेत्री कादंबरी जेठवानी के खिलाफ इसी साल 2 फरवरी को FIR दर्ज की गई थी। वहीं, अब इस मामले पर 3 IPS अधिकारियों को निलबिंत कर दिया गया है।

अभिनेत्री व मॉडल कादंबरी जेठवानी- India TV Hindi
अभिनेत्री व मॉडल कादंबरी जेठवानी Image Source : INSTAGRAM/KADAMBARI_JETHVANI

आंध्र प्रदेश सरकार ने रविवार को अलग-अलग आदेश जारी कर तीन सीनियर आईपीएस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इसमें डीजी रैंक के एक अधिकारी भी शामिल हैं। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के इन अधिकारियों पर मुंबई की एक अभिनेत्री व मॉडल कादंबरी जेठवानी को उसके खिलाफ दर्ज मामले में उचित जांच के बिना जल्दबाजी में गिरफ्तार करने और परेशान करने में संलिप्तता का आरोप है। 

इन 3 IPS अधिकारियों को गिया निलंबित

एक सरकारी आदेश के मुताबिक, पूर्व खुफिया प्रमुख पी. सीताराम अंजनेयुलु (महानिदेशक रैंक) को निलंबित किया गया है। विजयवाड़ा के पूर्व पुलिस आयुक्त कांथी राणा टाटा (महानिरीक्षक रैंक) और तत्कालीन पुलिस उपायुक्त (विजयवाड़ा) विशाल गुन्नी (पुलिस अधीक्षक रैंक) को अभिनेत्री जेठवानी के उत्पीड़न में उनकी भूमिका का खुलासा होने के बाद निलंबित कर दिया गया है। 

पुलिस अधिकारियों ने अभिनेत्री को दी धमकी

अभिनेत्री कांदबरी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उन्हें धमकी दी थी कि अगर उन्होंने मुंबई में निगम के एक शीर्ष अधिकारी के खिलाफ दर्ज मामला वापस नहीं लिया तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। अभिनेत्री को इस साल की शुरुआत में पिछली वाईएसआर कांग्रेस सरकार के दौरान पार्टी के एक नेता को उस शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उन पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था। 

अभिनेत्री को गिरफ्तार करने का आदेश

आरोप है कि तत्कालीन खुफिया प्रमुख ने दो अन्य अधिकारियों को अभिनेत्री को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया, हालांकि उस तारीख तक उनके खिलाफ कोई अपराध दर्ज नहीं हुआ था। सरकारी आदेश के मुताबिक, रिकॉर्ड के अनुसार अभिनेत्री कादंबरी जेठवानी के खिलाफ FIR दो फरवरी को सुबह 6:30 बजे दर्ज की गई थी, जबकि अंजनेयुलु ने प्राथमिकी दर्ज करने से पहले 31 जनवरी को ही कांथी राणा टाटा और विशाल गुन्नी को निर्देश दिए थे। 

दर्ज किया गया झूठा केस- अभिनेत्री 

अभिनेत्री ने हाल ही में कुछ पुलिस अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया और उन्हें परेशान किया गया।

भाषा के इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत